नई दिल्ली | अयोध्या में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जो हुआ वह “महापाप” है और आस्था के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता।
राम मंदिर में आने वाले चढ़ावे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रदेश या देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला है। ऐसे में अगर चढ़ावे को लेकर सवाल उठते हैं तो यह बेहद संवेदनशील विषय है।
“SIT का मतलब Share in Theft?”
प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने तंज कसा और कहा, “SIT का मतलब क्या Share in Theft है? यह लोगों के विश्वास पर चोट है। जो हुआ है, वह महापाप है और आस्था के साथ खिलवाड़ है।”
लखनऊ अग्निकांड पर भी सरकार को घेरा
लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर समय पर जरूरी इंतजाम और सुरक्षा व्यवस्था होती, तो बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। उनके मुताबिक, प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा इतना बड़ा बना।
निवेश और रोजगार पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री के निवेश संबंधी कार्यक्रमों पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार निवेश और रोजगार के बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीन पर स्थिति अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का फायदा आम लोगों को नहीं मिल रहा।
अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले कई वर्षों में सरकार समय रहते जरूरी कदम उठाती तो कई हादसों को रोका जा सकता था। उन्होंने दावा किया कि आग लगने की घटनाओं में प्रशासन की तैयारियां अक्सर नाकाफी दिखाई देती हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है।



