चेन्नई | तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता से राजनेता बने विजय ने अपनी पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (टीवीके) के साथ एक नई और आक्रामक शुरुआत की है।
2026 के विधानसभा चुनाव के लिए चेन्नई में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उन्होंने सभी 234 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। विजय ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी का सीधा मुकाबला एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाले डीएमके गठबंधन से होगा।
दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे विजय
विजय ने चुनाव में अपनी सक्रिय भूमिका को मजबूती देते हुए खुद दो सीटों – चेन्नई की पेरंबूर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट – से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को “जनता का रक्षक” करार देते हुए पारदर्शी शासन देने का वादा किया। इस दौरान उन्होंने आनंद (टी. नगर), अदाव अर्जुन (विल्लुपुरम) और राजमोहन (एग्मोर) जैसे प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।
ड्राइवर के बेटे को टिकट
इस चुनावी आयोजन के दौरान एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला, जब विजय ने अपने लंबे समय के ड्राइवर राजेंद्रन के बेटे शबरीनाथन को चुनावी टिकट देने की घोषणा की। इस दौरान पिता और पुत्र दोनों की आंखों में खुशी के आंसू थे। मंच पर हुआ यह वाकया न केवल विजय की अपनी टीम के प्रति वफादारी को दर्शाता है, बल्कि उनकी समावेशी राजनीति का संदेश भी देता है।
#ThalapathyVijay has given an MLA seat to his personal car driver Rajendran’s son, Sabrinathan.
— Movies Singapore (@MoviesSingapore) March 29, 2026
pic.twitter.com/4mQPkMUtrV
युवाओं के लिए वादों की झड़ी
टीवीके ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में रोजगार और शिक्षा पर खासा जोर दिया है। पार्टी ने प्रमुख वादों में शामिल किया है:
- ड्रग-मुक्त राज्य: नशाखोरी के खिलाफ सख्त अभियान।
- शिक्षा ऋण: युवाओं को बिना किसी कोलैटरल के 20 लाख रुपये तक का शिक्षा लोन।
- रोजगार की गारंटी: निजी कंपनियों में 75% स्थानीय नौकरियां और ग्रामीण रोजगार योजनाएं।
- उद्यमिता: युवा उद्यमियों को ब्याज मुक्त ऋण और बड़े पैमाने पर इंटर्नशिप कार्यक्रम।
इस चुनावी लॉन्च ने तमिलनाडु के राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ दे दिया है, जहां अब विजय अपनी ‘पीपुल्स एलायंस’ के जरिए सत्ता की दौड़ में मजबूती से खड़े नजर आ रहे हैं।



