लखनऊ। प्रयागराज के माघ मेला के दौरान मंगलवार शाम सेक्टर–5 स्थित नारायण शुक्ला धाम शिविर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में करीब 15 टेंट और लगभग 20 दुकानें जलकर राख हो गईं। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कल्पवासी जान बचाकर बाहर निकलने लगे।
पांच किलोमीटर दूर तक दिखीं आग की लपटें
आग की लपटें और धुआं करीब पांच किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए पांच दमकल वाहनों को लगाया गया, जिन्होंने लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित किया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। नारायण धाम के मुख्य शिविर में उस समय करीब 50 कल्पवासी मौजूद थे। आग लगते ही पूरे शिविर में धुआं भर गया, जिससे हड़कंप मच गया।
आसपास के शिविर खाली कराए गए
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी और करीब दस मिनट के भीतर दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गईं। फायर फाइटर्स ने सभी कल्पवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग के तेजी से फैलने के खतरे को देखते हुए आसपास के शिविरों को भी एहतियातन खाली करा लिया गया।
मकर संक्रांति से पहले बढ़ी भीड़
उधर, संगम तट पर आयोजित माघ मेले में मकर संक्रांति से पहले श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। प्रशासन ने सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को और सतर्क रखने के निर्देश दिए हैं।



