नई दिल्ली | दिल्ली के आईटीओ इलाके में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नाम से ‘गुमशुदा’ पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर पर राहुल गांधी की तस्वीर के साथ बड़े अक्षरों में ‘गुमशुदा’ लिखा हुआ है, जिसके बाद राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।
यह पोस्टर सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पोस्टर किसने लगाए हैं और इसके पीछे क्या वजह है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब भाजपा लगातार राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर उन पर सवाल उठा रही है। भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी महत्वपूर्ण राजनीतिक मौकों पर अक्सर विदेश चले जाते हैं।
भाजपा ने किया हमला
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके लिए LoP का मतलब “Leader of Opposition” नहीं, बल्कि “Leader of Paryatan and Partying” है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी राजनीति और संसद से ज्यादा यात्राओं में व्यस्त रहते हैं।
पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी लगातार काम कर रहे हैं, जबकि राहुल गांधी पर अक्सर छुट्टियों और विदेश दौरों को लेकर सवाल उठते रहे हैं। फिलहाल इस पूरे मामले पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



