नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और उन्हें देश से बाहर ले जाया गया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
4 शहरों पर हमला
इससे पहले शनिवार रात अमेरिका ने वेनेजुएला की राजधानी काराकास समेत चार शहरों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। हमलों की जद में काराकास के अलावा मिरांडा, अरागुआ और ला ग्वायरा शामिल बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन इलाकों में कुल सात हवाई हमले किए गए।
रात 2 बजे किया हमला
पहला हमला स्थानीय समय के अनुसार रात करीब दो बजे हुआ। अमेरिकी मीडिया संगठन CBS न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रम्प ने वेनेजुएला के भीतर सैन्य सुविधाओं और कुछ अहम ठिकानों पर कार्रवाई का आदेश दिया था।
10 हेलिकॉप्टर उड़ते दिखे
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वायरल वीडियो में शहर के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ते करीब दस हेलिकॉप्टर दिखाई दे रहे हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, कई इलाकों में तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद शहर के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
वेनेजुएला में इमरजेंसी
इस बीच, हमलों से पहले ही राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने बयान जारी कर कहा था कि किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने देशभर में आपात स्थिति घोषित करने की घोषणा की और आरोप लगाया कि अमेरिका वेनेजुएला में तख्तापलट की कोशिश कर रहा है। मादुरो का कहना है कि अमेरिका का मकसद देश के विशाल तेल और खनिज संसाधनों पर कब्जा जमाना है।



