नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर रूस मिसाइल परीक्षण (Russia Missile Test) जारी रखता है तो अमेरिकी परमाणु हथियारों से लैस पनडुब्बी पहले से ही रूस के समुद्री तटों के नजदीक तैनात है। ट्रंप का यह बयान रूस द्वारा अपनी नई मिसाइल ‘बुरेवेस्तनिक’ (Burevestnik Missile) के परीक्षण के बाद आया है।
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने एक सप्ताह पहले दो घंटे तक पुतिन से फोन पर बातचीत की थी और उन्हें सलाह दी थी कि वे मिसाइल परीक्षण रोककर यूक्रेन युद्ध (Ukraine War) को समाप्त करने की दिशा में काम करें। उन्होंने कहा, “रूस को इस वक्त नई मिसाइलों पर नहीं, बल्कि शांति पर ध्यान देना चाहिए। यूक्रेन में चार साल से चल रहे युद्ध का अब अंत होना चाहिए।”
ट्रंप ने चेताया कि रूस यह जानता है कि अमेरिकी पनडुब्बियां, जो “दुनिया की सबसे घातक परमाणु शक्ति” से लैस हैं, रूस के तटों के बेहद करीब मौजूद हैं। उन्होंने कहा, “हमें 14 हजार किलोमीटर दूर से हमला करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।” व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक ऑडियो रिकॉर्डिंग में ट्रंप की यह बातचीत सार्वजनिक की गई है।
रूस का जवाब — ‘सुरक्षा हमारी प्राथमिकता’
ट्रंप के बयान के तुरंत बाद क्रेमलिन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि रूस अपने राष्ट्रीय हितों और सुरक्षा के अनुसार फैसले लेता है। क्रेमलिन प्रवक्ता ने कहा, “हमारे मिसाइल परीक्षण से अमेरिका के साथ संबंधों में कोई नया तनाव नहीं बढ़ना चाहिए। वार्ता के रास्ते हमेशा खुले हैं। राष्ट्रपति पुतिन किसी भी निर्णय को रूस की सुरक्षा प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर लेंगे।”
‘बुरेवेस्तनिक’ मिसाइल — दुनिया की पहली परमाणु-संचालित क्रूज मिसाइल
रूस ने हाल ही में जिस मिसाइल का परीक्षण किया है, वह परमाणु शक्ति से संचालित क्रूज मिसाइल ‘बुरेवेस्तनिक’ है। यह मिसाइल 1,300 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से बेहद कम ऊंचाई पर उड़ान भर सकती है और लगातार दिशा बदलने की क्षमता रखती है, जिससे इसे ट्रैक करना लगभग असंभव हो जाता है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को इस मिसाइल परीक्षण की जानकारी दी थी और कहा था कि यह हथियार दुनिया में कहीं भी परमाणु हमला करने में सक्षम है। रूस ने 2018 में इस मिसाइल परियोजना की घोषणा की थी, और अब अंतिम परीक्षण पूरा होने के बाद सेना को इसके संचालन की तैयारी करने के आदेश दे दिए गए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह मिसाइल अमेरिका के 2001 में शुरू किए गए मिसाइल डिफेंस सिस्टम को अप्रभावी बना सकती है।
यूक्रेन ने छोड़े 200 ड्रोन, रूस ने 193 गिराए
इस बीच रूस और यूक्रेन के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। यूक्रेन ने सोमवार को रूस पर 200 से ज्यादा ड्रोन हमले किए, जिनमें ब्रियांस्क इलाके में एक व्यक्ति की मौत और पांच घायल होने की खबर है। रूस ने दावा किया है कि उसने 193 ड्रोन आकाश में ही नष्ट कर दिए, जिनमें से 34 मास्को की ओर बढ़ रहे थे।
यूक्रेन की ओर से ये हमले कीव पर रूसी हमलों के जवाब में किए जा रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में रूस की वायु रक्षा प्रणाली ने अधिकांश हमलों को विफल कर दिया है।



