समस्तीपुर: एक चौंकाने वाले मामले में, किसी ने अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump के फोटो का इस्तेमाल करके निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर दिया, जिसके बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्थानीय प्रशासन ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया। यह घटना तब सामने आई जब अधिकारियों ने आवेदन में दी गई जानकारी और फोटो की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए।
जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर अंचल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर लगाकर निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया गया। इसमें आवेदनकर्ता का नाम डोनाल्ड जॉन ट्रंप लिखा गया है, जबकि पता में रासपुर पतासीया पश्चिम पंचायत में पड़ने वाले गांव हसनपुर, पोस्ट बाकरपुर थाना मोहिउद्दीननगर लिखा है। यह आवेदन जानबूझकर किया गया, ताकि एक बार फिर बिहार सरकार का माखौल उड़ाया जा सके।
आवेदन 29 जुलाई को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन पत्र संख्या BRCCO/2025/17989735 के माध्यम से डोनाल्ड जॉन ट्रंप के नाम से निवास प्रमाण पत्र के लिए किया गया। इसका ग्राम हसनपुर, वार्ड संख्या 13, पोस्ट बाकरपुर, थाना-मोहिउद्दीननगर, प्रखण्ड मोहिउद्दीननगर, जिला-समस्तीपुर अंकित मिला। जांच के क्रम में पता चला कि आवेदन के फोटो, आधार नंबर, बार कोड और पता में छेड़छाड़ की गई है। इसके बाद 4 अगस्त को राजस्व अधिकारी ने आवेदन को स्वीकृत कर दिया।
अंचल अधिकारी ब्रजेश कुमार द्विवेदी और प्रखंड विकास पदाधिकारी नवकंज कुमार ने मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस से की। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर शरारत किया है। आवेदन के साथ संलग्न दस्तावेज में भी छेड़छाड़ की गई है। यह आईटी एक्ट का उलंघन है। इसकी शिकायत स्थानीय साइबर थाना पुलिस से जा रही है।
बृजेश कुमार द्विवेदी ने बताया की ऐसा प्रतीत होता है कि वर्तमान में निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रही संक्षिप्त गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को नकारात्मक रूप से प्रभावित करने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात के विरुद्ध साईबर थाना समस्तीपुर में प्राथमिकी दर्ज जांच की जा रही है।



