नई दिल्ली: कतर पर इजरायल के हालिया हवाई हमले (Israel Airstrike on Qatar) ने खाड़ी क्षेत्र की राजनीति में हलचल मचा दी है। इसी बीच बुधवार को यूएई के राष्ट्रपति शेख मुहम्मद बिन जाएद अल नाह्यान दोहा (UAE President Doha Visit) पहुंचे और कतर के शासक शेख तमीम बिन हामद अल (Qatar Ruler Sheikh Tamim) थानी से मुलाकात की। दोनों देशों के बीच पहले कई मुद्दों पर मतभेद रहे हैं, लेकिन इस मुलाकात को हालात सामान्य बनाने और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
कतर-इजरायल संबंधों पर खिंचाव
विदित हो कि कतर ने अब तक इजरायल को मान्यता नहीं दी है। यूएई राष्ट्रपति नाह्यान (Benjamin Netanyahu Criticism) पहले भी इजरायल की गतिविधियों और वेस्ट बैंक को बांटने की योजनाओं पर आपत्ति जता चुके हैं। इस बीच कतर इजरायल के हमले का जवाब देने के विकल्पों पर विचार कर रहा है। गौरतलब है कि कतर हमास और इजरायल (Hamas-Israel Relations) के बीच युद्धविराम वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था, ऐसे में हमले ने वैश्विक स्तर पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
कतर पीएम ने लगाया गंभीर आरोप
कतर के प्रधानमंत्री (Qatar PM) शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल-थानी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि नेतन्याहू क्षेत्रीय स्थिरता को खत्म कर रहे हैं और गाजा में बंदी बनाए गए लोगों की रिहाई की उम्मीदों को नष्ट कर रहे हैं। सीएनएन को दिए इंटरव्यू में अल-थानी ने दोहा पर हुए हमले को “राज्य प्रायोजित आतंक” बताया और कहा कि इस कार्रवाई ने कतर की मध्यस्थता की कोशिशों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
यूरोपीय संघ में मतभेद
इजरायल पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी अब जोर पकड़ रही है। यूरोपीय संघ की प्रमुख उर्सला वोन डेर लिएन ने गाजा संकट को देखते हुए इजरायल के खिलाफ आंशिक व्यापार रोकने का सुझाव दिया है। हालांकि, 27 सदस्यीय इस समूह के भीतर इस मुद्दे पर एकजुटता नहीं है। कई देश प्रतिबंधों का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ अब भी चुप्पी साधे हुए हैं।
दोहा में हमास नेताओं पर हमला
कतर में हमास के शीर्ष नेता अमेरिकी युद्धविराम प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए एकत्र हुए थे, तभी इजरायल (Qatar-Israel Relations) ने अचानक हवाई हमला कर दिया। हालांकि, हमास का कहना है कि उसके शीर्ष नेताओं को नुकसान नहीं हुआ, लेकिन संगठन के पांच सदस्य मारे गए। कतर ने पुष्टि की है कि इस हमले में उसकी सुरक्षा बल का एक जवान भी मारा गया और कई घायल हुए हैं। इस घटना की विश्वभर में कड़ी निंदा हो रही है।
गाजा में भूख से मौतें जारी
गाजा में मानवीय संकट और गहराता जा रहा है। बुधवार को भूख और कुपोषण से पांच और लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। अब तक इस तरह की मौतों का आंकड़ा बढ़कर 404 तक पहुंच गया है। लगातार जारी इस त्रासदी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गाजा में तत्काल मदद भेजने की अपील करने पर मजबूर कर दिया है।
इजरायल का दोहा पर हमला न केवल कतर-इजरायल रिश्तों को और तनावपूर्ण बना रहा है, बल्कि पूरे खाड़ी क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए भी खतरा साबित हो सकता है।




