नई दिल्ली: अफगानिस्तान के कंधार प्रांत में पाकिस्तानी ड्रोन हमले की खबर आई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमला अफगानिस्तान में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी TTP के ठिकानों को निशाना बनाकर किया गया है। हालांकि इन हमलों की अब तक कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है। अफगानिस्तान के तालिबान सरकार की तरफ से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पाकिस्तान के आरोप
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर आरोप लगाए हैं कि अफगान तालिबान TTP के लड़ाकों को पनाह दे रहे हैं। ये पाकिस्तान में आतंकी हमले करते हैं। इससे पहले 10 अक्टूबर को काबुल में भी कई धमाके हुए थे। इन घटनाओं से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। अफगानिस्तान की तरफ से भी दावा किया गया है कि उनकी सेना ने शनिवार रात में पाकिस्तान के 58 सैनिकों को मार गिराया। पाकिस्तान की तरफ से किए गए हवाई उल्लंघन में यह जवाब दिया गया था।
25 चौकियों पर कब्जा
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि अफगान सुरक्षा बलों ने 25 पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर कब्ज़ा कर लिया है। इस अभियान में 58 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 30 अन्य घायल हुए। अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा, “हमारा अभियान आधी रात को समाप्त हो गया। अगर पाकिस्तान फिर से अफगान सीमा का उल्लंघन करता है, तो हमारी सेनाएं देश की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं।” अफगान अधिकारियों ने पाकिस्तान पर राजधानी काबुल और देश के पूर्वी हिस्से में एक बाजार पर बमबारी करने का आरोप लगाया। हालांकि, पाकिस्तान ने हमलों की ज़िम्मेदारी नहीं ली।
ये भी पढ़ें-बांग्लादेश में हसीना सरकार के दौर के 15 सैन्य अधिकारी गिरफ्तार
मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा
इधर तालिबान ने भी पाकिस्तान पर कई आरोप लगाए हैं। तालिबान का कहना है कि पाकिस्तान अपनी जमीन पर ISIS के आतंकियों को पनाह दे रहा है। तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि अफगानिस्तान में होने वाले हमलों की साजिश पाकिस्तानी ठिकानों से रची जाती है। हमारे पास सभी सबूत हैं। वहीं पाकिस्तानी गृह मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि अफगानिस्तान को भी भारत की तरह मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। फिर वह पाकिस्तान की ओर बुरी नजर से देख न सके।



