छात्रों के लिए हर शनिवार खुलेगा दिल्ली विधानसभा परिसर

दिल्ली विधानसभा में साप्ताहिक यूथ आउटरीच कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इस कार्यक्रम के तहत अब हर शनिवार छात्रों के लिए विधानसभा परिसर खोला जाएगा, जहां वे सदन की कार्यवाही, इतिहास और विधायी प्रक्रिया को करीब से समझ सकेंगे। यह पहल न केवल छात्रों में जागरूकता बढ़ाएगी, बल्कि उन्हें सक्रिय नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील बनाना है।

Share This Article:

नई दिल्ली। लोकतांत्रिक सहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली विधानसभा ने शनिवार को साप्ताहिक यूथ आउटरीच कार्यक्रम का शुरू किया। यह पहल विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने की। जिसकी शुरुआत महार्षि वाल्मीकि कॉलेज ऑफ एजुकेशन, गीता कॉलोनी के 75 विद्यार्थियों के प्रथम दल के विधानसभा भ्रमण से हुई।

प्रत्येक शनिवार को विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी दिल्ली विधानसभा का दौरा करेंगे

इस कार्यक्रम के अंतर्गत अब प्रत्येक शनिवार को विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी दिल्ली विधानसभा का दौरा करेंगे, जिससे उन्हें विधायी कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति उनकी समझ को सुदृढ़ किया जा सकेगा।

छात्रों को विधानसभा के ऐतिहासिक विकास से अवगत कराया जाएगा

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को दिल्ली विधानसभा के ऐतिहासिक विकास से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि वर्तमान विधानसभा भवन का निर्माण वर्ष 1912 में हुआ था, जो पूर्व में केंद्रीय विधान सभा का स्थल रहा है। साथ ही, विट्ठलभाई पटेल की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए यह भी रेखांकित किया गया कि वर्ष 1993 में पुनः स्थापना के बाद से दिल्ली विधानसभा लोकतांत्रिक शासन के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को विधायी प्रक्रियाओं एवं संस्थागत कार्यप्रणाली पर एक संरचित परिचय सत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर ‘एक शताब्दी यात्रा’ नामक स्मारक कॉफी टेबल पुस्तक भेंट की गई तथा पद्म भूषण से सम्मानित अभिनेता अनुपम खेर की आवाज में तैयार विधानसभा के संस्थागत इतिहास पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी किया गया। इसके अतिरिक्त, छात्रों को विधानसभा भवन का मार्गदर्शित भ्रमण कराया गया, जिससे उन्हें कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।

‘यूथ आउटरीच कार्यक्रम’ की घोषणा करते हुए विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह पहल नागरिकों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच की दूरी को कम करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से युवा वर्ग को यह समझने का अवसर मिलेगा कि कानून कैसे बनाए जाते हैं और सार्वजनिक जीवन तथा लोकतांत्रिक शासन किन मूल सिद्धांतों पर आधारित है।

लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति सम्मान को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक है

गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र की सुदृढ़ता जागरूक, सूचित और जिम्मेदार नागरिकों पर निर्भर करती है। संस्थाओं के साथ निरंतर जुड़ाव, भागीदारी की संस्कृति, जवाबदेही और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति सम्मान को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की पहलें युवाओं में नागरिक चेतना विकसित करने और लोकतांत्रिक समाज की नींव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह कार्यक्रम दिल्ली विधानसभा सचिवालय की एक सुविचारित पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य संसदीय प्रक्रियाओं एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों को सार्वजनिक जीवन एवं विधायी कार्यों से निरंतर रूप से जोड़ना है।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.