नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को मुरैना में सुकन्या समृद्धि योजना के विस्तार की घोषणा और प्रधान डाकघर में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि बेटियां हमारे समाज को गढ़ने का कार्य करती हैं। सुकन्या समृद्धि योजना केवल बैंक खाता नहीं बल्कि यह माता का आत्मविश्वास, पिता का गर्व और पूरे समाज का भरोसा है। उन्होंने बताया कि नवलोकार्पित पासपोर्ट सेवा केंद्र से क्षेत्र के युवाओं और सभी नागरिकों को सुविधा और सहूलियत मिलेगी।
सुकन्या समृद्धि योजना का विस्तार
मंत्री सिंधिया ने मुरैना में सुकन्या समृद्धि योजना का विस्तार किया और बताया कि अन्य जिलों की तरह अब मुरैना की बेटियां भी अपने सपनों की उड़ान भरेंगी। अब तक अशोकनगर की 929, शिवपुरी की 818 और गुना की 733 बेटियां यानी लगभग 2500 परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं। सिंधिया ने याद दिलाया कि पिछली बार उन्होंने स्वयं बेटियों के खाते खुलवाए थे और निजी सहयोग भी किया था।
इस अवसर पर सिंधिया ने बेटियों के माता पिता से कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खोलकर वे सिर्फ बैंक से नहीं जुड़े हैं बल्कि उन्होंने अपनी बेटी के भविष्य पर भरोसा जताया है। केन्द्रीय मंत्री ने सभी माताओं एवं पिताओं से इस भरोसे को हर महीने की बचत और हर रोज़ के सहयोग से और मजबूत करने का आह्वान किया।
सुविधा और सशक्तिकरण का नया अध्याय है पासपोर्ट सेवा केंद्र
मुरैना में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन करते हुए सिंधिया ने कहा कि अब जिले के नागरिकों को पासपोर्ट बनवाने के लिए ग्वालियर, गुना या भोपाल नहीं जाना पड़ेगा। इस केंद्र से मुरैना और श्योपुर जिले के साथ-साथ राजस्थान और उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा। यह केंद्र प्रतिदिन 40 अतिरिक्त अपॉइंटमेंट स्लॉट उपलब्ध कराएगा। मंत्री सिंधिया ने कहा कि यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सुविधा और सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगा।
सिंधिया ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश और देश सुविधा, सशक्तिकरण और सहूलियत के संगम-पथ पर अग्रसर है। उन्होंने सभी नागरिकों को पासपोर्ट सेवा केंद्र की स्थापना पर बधाई दी और अभिभावकों से सुकन्या समृद्धि योजना से अधिक से अधिक जुड़ने का आह्वान किया।



