सुपरस्टार प्रभास की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘द राजा साब’ (The Raja Saab) की रिलीज के साथ ही शुरू हुआ विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुँच गया है। शुक्रवार को फिल्म को मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया और प्रशंसकों की नाराजगी के बाद, निर्देशक मारुति और निर्माता टीजी विश्व प्रसाद ने शनिवार को हैदराबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि फिल्म में प्रभास के ‘ओल्ड गेटअप’ (पुराना लुक) वाले महत्वपूर्ण सीन अब आधिकारिक तौर पर जोड़ दिए गए हैं।

सर्वर डाउन होने को बताया वजह
फिल्म के ट्रेलर में प्रभास को एक बुजुर्ग लेकिन स्वैग से भरपूर अवतार में दिखाया गया था, जिसे सिनेमाघरों में न पाकर फैंस काफी निराश थे। इस पर सफाई देते हुए निर्देशक मारुति ने कहा, “प्रभास के फैंस फिल्म से पूरी तरह निराश नहीं हैं, लेकिन संतुष्ट भी नहीं थे क्योंकि ट्रेलर में दिखाया गया उनका ‘ओल्ड लुक’ फिल्म से गायब था। दरअसल, फैंस के दिमाग में वही लुक था और वे फिल्म की कहानी पर ध्यान नहीं दे पा रहे थे।”
वहीं, निर्माता विश्व प्रसाद ने स्पष्ट किया कि करीब 4 मिनट का कंटेंट ‘सर्वर इश्यू’ और तकनीकी गड़बड़ी के कारण रिलीज डे पर शामिल नहीं हो पाया था। उन्होंने कहा, “हमें आउटपुट मिल गया था, लेकिन उसमें कुछ सुधार बाकी थे। अब हमने सब ठीक कर दिया है और शनिवार शाम 6 बजे के शो से करीब 8-9 मिनट का नया फुटेज फिल्म का हिस्सा होगा।”
‘इंटेलेक्चुअल्स’ को मेकर्स का जवाब
फिल्म की आलोचना और खराब रेटिंग्स पर मारुति ने तीखा जवाब देते हुए कहा कि जो लोग फिल्म को बिना समझे कोस रहे हैं, वे गलत हैं। उन्होंने दर्शकों से आग्रह किया कि फिल्म को पहले ही जज न करें। वहीं निर्माता ने बताया कि फिल्म ने पहले दिन उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करते हुए ₹112 करोड़ (ग्रॉस) का बिजनेस किया है। उन्होंने कहा, “कुछ बुद्धिजीवी (intellectuals) कहानी की बहुत ज्यादा गहराई में जाकर फीडबैक दे रहे हैं, लेकिन परिवारों और बच्चों को फिल्म बेहद पसंद आ रही है।”
नई फिल्म का हिस्सा होगा ‘रूफटॉप फाइट’ सीन
मारुति ने दावा किया कि अब जो 9 मिनट का एपिसोड जोड़ा गया है, उसमें एक छत पर होने वाला फाइट सीन (Rooftop Action) शामिल है। उनके अनुसार, भारतीय सिनेमा में अब तक ऐसा फाइट सीन नहीं फिल्माया गया है और प्रभास ने इसके लिए बहुत मेहनत की है।



