मुंबई: सुरों की मल्लिका आशा भोसले के निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। 92 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह देने वाली आशा ताई के अंतिम दर्शन के लिए सोमवार को उनके लोअर परेल स्थित आवास पर फिल्मी सितारों और दिग्गज हस्तियों का तांता लगा रहा। इस दुख की घड़ी में सबसे भावुक कर देने वाली तस्वीर तब सामने आई, जब अभिनेत्री तब्बू आशा भोसले की पोती जनाई भोसले को ढांढस बंधाती नजर आई।
जनाई को संभालती दिखी तब्बू
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि अपनी दादी के जाने के गम में जनाई पूरी तरह टूट चुकी हैं। वह फूट-फूटकर रो रही थी, तभी अभिनेत्री तब्बू ने उन्हें गले लगाया और काफी देर तक उन्हें संभालने की कोशिश की। यह मानवीय संवेदनाओं से भरा क्षण देख वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गई।

हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
आशा ताई को अंतिम विदाई देने के लिए क्रिकेट जगत के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि के साथ पहुंचे। सचिन भी इस मौके पर काफी भावुक नजर आए। उनके अलावा संगीतकार ए.आर. रहमान, दिग्गज अभिनेत्री आशा पारेख और अनु मलिक सहित कई बड़ी हस्तियों ने उनके निवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
महाराष्ट्र सरकार की ओर से आशा भोसले को राजकीय सम्मान दिया गया है। उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया और फूलों से सजी गाड़ी में उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई।
सोमवार दोपहर तक उनके घर पर अंतिम दर्शन का सिलसिला चला। शाम 4 बजे दादर स्थित शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाना तय है।
डॉक्टरों के अनुसार, मल्टी-ऑर्गन फेल्योर (कई अंगों के काम बंद करने) की वजह से उनका निधन हुआ। उन्हें सीने में संक्रमण के चलते ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
संगीत जगत के एक युग का अंत हो गया है, लेकिन उनके गाए कालजयी गीत हमेशा प्रशंसकों के दिलों में जिंदा रहेंगे।



