नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) जल्द ही कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026 घोषित करने वाला है। इस साल मूल्यांकन प्रक्रिया में तेजी आने के कारण नतीजे पिछले साल की तुलना में जल्दी आने की उम्मीद है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 10वी कक्षा का रिजल्ट कल यानी 14 अप्रैल 2026 को घोषित किया जा सकता है। इस बार बोर्ड परीक्षाओं में लगभग 43 लाख छात्र शामिल हुए थे, जिनमें 25 लाख अकेले कक्षा 10वीं के छात्र हैं।
मूल्यांकन प्रक्रिया में तेजी और नए नियम
सीबीएसई ने इस साल मूल्यांकन प्रक्रिया को काफी आधुनिक बनाया है। ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम के कारण जो काम पहले 12 दिनों में होता था, वह अब मात्र 9 दिनों में पूरा किया जा रहा है। बोर्ड की नई नीति के अनुसार, अब छात्र साल में दो बार बोर्ड परीक्षा दे सकेंगे। मई 2026 में होने वाली दूसरी बोर्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए ही रिजल्ट प्रक्रिया को तेज किया गया है, ताकि छात्रों को सुधार परीक्षा के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
पास होने के लिए चाहिए 33% अंक
सीबीएसई के नियमों के मुताबिक, छात्रों को पास होने के लिए कुल 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। जो छात्र एक या दो अंकों से पिछड़ रहे होंगे, उन्हें बोर्ड की ग्रेस मार्क्स पॉलिसी के तहत राहत दी जा सकती है। इसके अलावा, यदि किसी छात्र ने अतिरिक्त प्रश्न हल किया है, तो बोर्ड उस उत्तर को मान्य मानेगा जिसमें छात्र को अधिक अंक मिले होंगे।
रिजल्ट कैसे चेक करें?
रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइटों जैसे cbse.gov.in या results.cbse.nic.in पर जाकर अपना रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी दर्ज कर मार्कशीट डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा डिजिलॉकर और उमंग ऐप पर भी नतीजे उपलब्ध रहेंगे। बता दें कि 10वीं की परीक्षाएं 11 मार्च को समाप्त हो गई थी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल को पूरी हुई हैं, जिसके चलते 12वीं का रिजल्ट मई के दूसरे सप्ताह तक आने की संभावना है।



