नई दिल्ली: हिंदी फिल्मों के ही-मैन कहे जाने वाले धमेंद्र 8 दिसंबर को 90 साल के हो गए। उनके जन्मदिन के मौके पर उनकी बेटी ईशा देओल और बेटे सनी देओल ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर किया। ईशा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पापा बहुत याद आते हैं। उनके साथ बिताए पल अनमोल हैं। वो साथ में हंसते थे और लंबे समय तक बातें करते थे।
शेयर की तस्वीरें
ईशा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पिता धर्मेंद्र के साथ की तस्वीरें शेयर की। उन्होंने इंस्टा कैप्शन में लिखा, मेरे प्यारे पापा। हमारा वादा, सबसे मज़बूत रिश्ता है। हम हमेशा साथ रहेंगे पापा। चाहे स्वर्ग हो या धरती। हम एक हैं ।जिंदगी के सबक, सीख, मार्गदर्शन, गरमाहट, बिना शर्त प्यार, इज्जत और ताकत जो आपने मुझे अपनी बेटी के तौर पर दी है, उसकी जगह कोई और नहीं ले सकता और न ही कोई उसकी बराबरी कर सकता है।
बहुत याद आती हैं
वो आगे लिखती हैं मुझे आपकी बहुत याद आती है पापा। आपकी गर्म, सुरक्षित गले लगने वाली झप्पी जो सबसे आरामदायक कंबल जैसी लगती थी, आपके नरम लेकिन मज़बूत हाथों को पकड़ना जिनमें बिना कहे संदेश होते थे और आपकी आवाज़ जो मेरा नाम पुकारती थी जिसके बाद कभी न खत्म होने वाली बातें, हंसी और शायरी होती थी।
सनी ने शेयर किया वीडियो
इधर एक्टर सनी देओल ने अपने पिता धर्मेंद्र के 90वें जन्मदिन पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें धर्मेंद्र बिल्कुल अलग लुक में दिख रहे हैं। पोस्ट के साथ सनी ने एक इमोशनल नोट भी लिखा है। सनी ने लिखा है, आज मेरे पापा का जन्मदिन है। पापा हमेशा मेरे साथ हैं , मेरे अंदर हैं लव यू पापा। मिस यू।



