नई दिल्ली: वैश्विक पॉप स्टार शकीरा के भारतीय प्रशंसकों के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है। पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अस्थिरता को देखते हुए शकीरा के आगामी भारत दौरों को स्थगित कर दिया गया है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि अप्रैल में मुंबई और दिल्ली में होने वाले शो फिलहाल सुरक्षा कारणों से टाल दिए गए हैं।

आयोजक ‘डिस्ट्रिक्ट अपडेट्स’ ने सोशल मीडिया पर इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा, “मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति और क्षेत्रीय तनाव के कारण, शकीरा के ‘फीडिंग इंडिया कॉन्सर्ट’ को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है। हमारे प्रशंसकों, कलाकार और प्रोडक्शन टीम की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” आयोजकों ने यह भी आश्वासन दिया है कि सभी टिकट धारकों को उनका पूरा रिफंड उनके भुगतान के मूल माध्यम से स्वचालित रूप से वापस कर दिया जाएगा।
नई तारीखों पर काम जारी
हालांकि शो स्थगित हो गया है, लेकिन आयोजक इसे रद्द नहीं करना चाहते। उन्होंने बताया कि वे शकीरा की टीम के साथ मिलकर नई तारीखों पर चर्चा कर रहे हैं और जैसे ही स्थिति अनुकूल होगी, नए शेड्यूल की घोषणा की जाएगी। शकीरा का पहला प्रदर्शन 10 अप्रैल को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में और दूसरा 15 अप्रैल को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होना तय था।
क्या है विवाद की जड़?
भारत में इस बड़े आयोजन के टलने का मुख्य कारण पश्चिम एशिया में भड़का भीषण संघर्ष है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु के बाद से पूरे क्षेत्र में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है। ईरान की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई और ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ जैसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों के बंद होने से वैश्विक ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर गहरा असर पड़ा है।
इसी अस्थिरता और अंतरराष्ट्रीय यात्राओं में बढ़ते जोखिमों को देखते हुए इस मेगा कॉन्सर्ट को फिलहाल आगे बढ़ाना ही उचित समझा गया है।



