नई दिल्ली: Sanjay Dutt Family: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता संजय दत्त का जीवन जितना उनकी फिल्मों में नाटकीय रहा, उतना ही उनकी निजी जिंदगी में भी। 29 जुलाई 1959 को अभिनेता सुनील दत्त और नरगिस के घर जन्मे संजय ने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता, लेकिन उनकी निजी जिंदगी हमेशा सुर्खियों में रही। तीन शादियों और कई विवादों के बीच, उनकी पारिवारिक कहानी भी उतनी ही चर्चित है। आइए, जानते हैं उनकी शादियों और बच्चों के बारे में।
पहली शादी: ऋचा शर्मा और बेटी त्रिशाला
संजय दत्त ने 1987 में अभिनेत्री ऋचा शर्मा से शादी की। इस जोड़े की एक बेटी, त्रिशाला दत्त, 1988 में पैदा हुई, जो अब 37 साल की हैं और न्यूयॉर्क में रहती हैं। शादी के कुछ समय बाद ही ऋचा को ब्रेन ट्यूमर का पता चला। उन्होंने अमेरिका में इलाज करवाया, लेकिन 1996 में 32 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। ऋचा ने ‘हम नौजवान’ और ‘इंसाफ की आवाज’ जैसी फिल्मों में काम किया था।
दूसरी शादी: रिया पिल्लई और तलाक का दौर
ऋचा के निधन के बाद संजय की जिंदगी में मॉडल रिया पिल्लई आई। 1998 में वैलेंटाइन डे पर दोनों ने शादी की। यह शादी संजय के मुश्किल दौर में हुई, जब वह 1993 के मुंबई बम धमाकों के केस में जेल गए थे। रिया ने उस समय उनका साथ दिया, लेकिन शादी के बाद संजय की व्यस्तता और अन्य कारणों से उनके बीच दूरियां बढ़ीं। 2008 में दोनों का तलाक हो गया। इस शादी से संजय को कोई बच्चा नहीं हुआ।
तीसरी शादी: मान्यता और जुड़वां बच्चे
2008 में संजय ने मान्यता दत्त से गोवा में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। मान्यता, जिनका असली नाम दिलनवाज शेख है, ने संजय के जीवन में स्थिरता लाई। 2010 में इस जोड़े को जुड़वां बच्चे, बेटा शाहरान और बेटी इकरा, हुए, जो अब 15 साल के हैं।
कितने बच्चे?
संजय दत्त के तीन बच्चे हैं। पहली पत्नी ऋचा से बेटी त्रिशाला (37 साल) और तीसरी पत्नी मान्यता से जुड़वा बच्चे शाहरान और इकरा (15 साल)। रिया पिल्लई से उनकी कोई संतान नहीं है।



