मुंबई : बॉलीवुड के सुल्तान सलमान खान ने सोमवार की सुबह अपने प्रशंसकों को एक बड़ा तोहफा दिया है। पिछले कई हफ्तों से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए सुपरस्टार ने आधिकारिक तौर पर अपनी अगली फिल्म की घोषणा कर दी है। इस अनाम प्रोजेक्ट के लिए सलमान खान पहली बार दक्षिण भारतीय निर्देशक वामशी पैदिपल्ली और मशहूर निर्माता दिल राजू के साथ काम करने जा रहे हैं।
सलमान ने की आधिकारिक घोषणा
सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर इस खबर की पुष्टि करते हुए लिखा, “दिल, दिमाग, जिगर से… इस अप्रैल से।” अभिनेता ने अपने ट्वीट में निर्देशक वामशी, दिल राजू और श्रीश को भी टैग किया है।
Dil, Dimag, Jigar se from this April with @directorvamshi and #DilRaju #Shirish @SVC_official @kuldeeprathor9 #RafiKazi pic.twitter.com/RuK0KWq2HU
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) March 30, 2026
रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म की शूटिंग इसी साल अप्रैल में शुरू हो जाएगी। हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन चर्चा है कि इस फिल्म में सलमान के साथ नयनतारा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी और अनिल कपूर भी एक महत्वपूर्ण किरदार निभा सकते हैं।
फैंस ने दी प्रतिक्रिया
सलमान के इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों का उत्साह सातवें आसमान पर है। एक प्रशंसक ने लिखा, “इसी का हमें इंतजार था… भाई!” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “बॉक्स ऑफिस को चारों तरफ से हिला देना भाई, सुल्तान को सिर्फ सुल्तान ही हरा सकता है।” प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि सलमान इस बार एक बेहतरीन कहानी के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे।
रिलीज डेट
फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि सलमान खान इसे ‘ईद 2027’ के मौके पर सिनेमाघरों में लाना चाहते हैं। इसके अलावा सलमान की फिल्म ‘मातृभूमि’ (पहले बैटल ऑफ गलवान) भी कतार में है, जिसकी रिलीज फिलहाल टल गई है। ‘पठान’ के बाद सिद्धार्थ आनंद के साथ ‘किंग’ और अब वामशी पैदिपल्ली के साथ इस नए प्रोजेक्ट ने भाईजान के फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ा दी हैं।



