नई दिल्ली | फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा एक बार फिर अपने बेबाक और विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। पिछले साल रिलीज हुई फिल्म ‘वॉर 2’ में अभिनेत्री कियारा आडवाणी के बिकिनी लुक पर अश्लील टिप्पणी करने वाले वर्मा ने अब इस पर सफाई दी है।
एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने दो-टूक कहा कि वे महिलाओं की सुंदरता की प्रशंसा करने के अपने अंदाज को नहीं बदलेंगे और उन्हें इसमें कुछ भी गलत नहीं लगता।
वो एक तरह की तारीफ थी
इंटरव्यू के दौरान जब उनसे कियारा आडवाणी पर किए गए पुराने विवादित ट्वीट और उसे डिलीट करने की वजह पूछी गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें ठीक से याद नहीं कि उन्होंने क्या लिखा था। वर्मा ने तर्क दिया, “अगर मेकर्स ट्रेलर में एक खूबसूरत लड़की को बिकिनी में दिखाते हैं, तो वह दर्शकों को उकसाने के लिए ही होता है। मेरा ट्वीट एक तरह की ‘बैकहैंडेड तारीफ’ थी। मैं जैसा महसूस करता हूँ, वैसा ही कहता हूँ।”
श्रीदेवी का जिक्र और बोनी कपूर से अनबन
विवादों से पुराने नाते का जिक्र करते हुए राम गोपाल वर्मा ने श्रीदेवी का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा, “मैं ‘रंगीला’ के समय से ही ऐसा हूँ। मैंने कभी खूबसूरत महिलाओं पर अपनी राय नहीं छिपाई, चाहे वह श्रीदेवी ही क्यों न हों।” गौरतलब है कि श्रीदेवी पर की गई उनकी टिप्पणियों के कारण निर्माता बोनी कपूर के साथ उनके रिश्ते काफी खराब हो गए थे। उन्होंने साफ किया कि वे अपने विचारों और अभिव्यक्ति के तरीके को बदलने के मूड में नहीं हैं।
बॉक्स ऑफिस पर ठंडी रही थी ‘वॉर 2’
ऋतिक रोशन, जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी जैसे बड़े सितारों से सजी अयान मुखर्जी की फिल्म ‘वॉर 2’ पिछले साल बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई थी। फिल्म को दर्शकों की ओर से ठंडा रिस्पॉन्स मिला था, लेकिन कियारा आडवाणी के सिजलिंग लुक और राम गोपाल वर्मा के विवादित कमेंट ने सोशल मीडिया पर खूब हो-हल्ला मचाया था।



