मुंबई : साउथ सुपरस्टार राम चरण ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Peddi’ की रिलीज को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर खबरें आ रही थीं कि फिल्म की रिलीज डेट एक बार फिर आगे बढ़ सकती है। हालांकि, अब खुद अभिनेता ने स्पष्ट कर दिया है कि फिल्म अपने तय समय पर ही रिलीज होगी।

फिल्म ‘राकासा’ के एक प्रोमो इवेंट के दौरान राम चरण ने टीम से बातचीत करते हुए कहा, “अपनी फिल्म का प्रचार अच्छे से करें, ‘Peddi’ में देरी नहीं होगी।” उनके इस संक्षिप्त लेकिन स्पष्ट बयान ने उन फैंस को बड़ी राहत दी है जो फिल्म के टलने की खबरों से परेशान थे।

क्यों उड़ी थी फिल्म टलने की अफवाहें?
बुच्ची बाबू सना के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर चर्चा थी कि शूटिंग का कुछ हिस्सा अभी बाकी है, जिसके चलते 30 अप्रैल की डेडलाइन को पूरा करना मुश्किल लग रहा है। अगर यह फिल्म टलती, तो यह तीसरी बार होता जब इसकी रिलीज डेट बदली जाती। इससे पहले फिल्म की रिलीज 27 मार्च, 2026 से बढ़ाकर 30 अप्रैल की गई थी।
इसके अलावा, हाल ही में राम चरण की आंख के पास चोट लगने की खबर भी सामने आई थी। हालांकि, उनकी टीम ने स्पष्ट किया है कि चोट मामूली है और उन्हें चार टांके आए हैं, लेकिन उनकी आंख पूरी तरह सुरक्षित है और वह काम पर वापस लौट चुके हैं।
क्या है फिल्म ‘Peddi’ की कहानी?
‘Peddi’ एक स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म है, जो ग्रामीण पृष्ठभूमि में होने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें खेल के साथ-साथ जबरदस्त एक्शन और इमोशन का तड़का देखने को मिलेगा।
- मुख्य कलाकार: राम चरण, जाह्नवी कपूर, शिव राजकुमार, बोमन ईरानी और दिव्येंदु शर्मा।
- संगीत: ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान।
- लुक: फिल्म की पहली झलक में राम चरण का रफ-एंड-टफ और मस्कुलर अवतार दिखाया गया है, जिसकी तुलना एक पहलवान से की जा रही है।




