पेरिस। रिलायंस रिटेल की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा अंबानी ने पेरिस हाउते कूट्योर वीक में भारतीय फैशन और शिल्पकला की शानदार झलक पेश की। वह मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के ऑटम/विंटर 2026 हाउते कूट्योर शो में शामिल हुई, जो पेरिस के आधिकारिक कूट्योर कैलेंडर पर उनका पहला शो था। इस खास मौके पर ईशा अंबानी ने एक बेहद खास गोल्डन गाउन पहना, जिसे मुंबई में तैयार किया गया था। इस गाउन को बनाने में 700 घंटे से ज्यादा की मेहनत लगी। मनीष मल्होत्रा ने इसे स्टाइलिस्ट एंड्रयू मुकामल के साथ मिलकर खास तौर पर ईशा अंबानी के लिए डिजाइन किया।
गाउन में दिखी भारतीय परंपरा

गाउन में भारतीय जरी-जरदोजी की पारंपरिक कला के साथ सली और ताबान जैसी कढ़ाई तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा हाथ से लगाए गए क्रिस्टल ने इस आउटफिट को और भी खास बनाया। इस डिजाइन की प्रेरणा ‘MAA (मां)’ की भावना से ली गई है, जो उन महिलाओं को समर्पित है जिनके प्रेम, शक्ति और गरिमा ने पीढ़ियों को प्रभावित किया है। ईशा अंबानी ने अपने इस शानदार लुक को लॉरेन श्वार्ट्ज के 50 कैरेट न्यूड डायमंड इयररिंग्स और 12 कैरेट पियर-शेप न्यूड डायमंड रिंग के साथ पूरा किया। गोल्डन गाउन और बेशकीमती हीरों की ज्वेलरी ने पेरिस के फैशन मंच पर भारतीय परंपरा और आधुनिक लग्जरी का खूबसूरत संगम दिखाया।
पेरिस में ईशा अंबानी की मौजूदगी भारतीय डिजाइनरों और कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की उनकी सोच को भी दर्शाती है। रिलायंस रिटेल में अपनी भूमिका के माध्यम से वह भारतीय क्रिएटिव टैलेंट, डिजाइन और लग्जरी फैशन को वैश्विक मंच तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही हैं। रिलीज़ के अनुसार, ईशा अंबानी ने पेरिस में मनीष मल्होत्रा के साथ-साथ राहुल मिश्रा के फैशन शो में भी हिस्सा लिया। इसे भारतीय फैशन उद्योग और कारीगरों को दुनिया के प्रमुख फैशन मंचों पर आगे बढ़ाने की उनकी पहल का हिस्सा माना जा रहा है।



