मुंबई | “पड़े-पड़े मरी तो बेचारी कहलाऊंगी, नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी…” श्रद्धा कपूर की आवाज में बोला गया यह डायलॉग फिल्म ‘ईठा’ के टीज़र का सबसे चर्चित हिस्सा बन गया है। मैडॉक फिल्म्स की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का टीज़र रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
फिल्म में श्रद्धा कपूर मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। विठाबाई महाराष्ट्र की लोक कला और तमाशा परंपरा की एक बड़ा नाम थीं। उन्होंने अपनी कला के दम पर लाखों लोगों का दिल जीता था और उनके योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान भी मिला था।
करीब दो मिनट के टीज़र में श्रद्धा कपूर का बिल्कुल अलग अंदाज देखने को मिलता है। इसमें लावणी की चमक-दमक के साथ कलाकारों के संघर्ष और उनके जीवन की कठिनाइयों को भी दिखाया गया है। श्रद्धा का अभिनय और भावनात्मक प्रस्तुति दर्शकों को काफी प्रभावित कर रही है।
इस किरदार के लिए श्रद्धा कपूर को उपयुक्त माना जा रहा है। उनकी पारिवारिक जड़ें महाराष्ट्र से जुड़ी हैं और वह मराठी भाषा व संस्कृति से अच्छी तरह परिचित हैं। यही वजह है कि वह इस भूमिका में सहज नजर आ रही हैं।
फिल्म के दृश्य, संगीत और सिनेमैटोग्राफी महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत को खूबसूरती से दर्शाते हैं। निर्देशक लक्ष्मण उतेकर की यह फिल्म 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अयूब भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।



