मुंबई : रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की जोड़ी ने ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी के जरिए बॉक्स ऑफिस पर जो सुनामी लाई है, उसने भारतीय सिनेमा के सारे समीकरण बदल दिए हैं।
दोनों पार्ट को मिलाकर 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस करने वाली इस स्पाई थ्रिलर के बाद अब फैंस के बीच केवल एक ही चर्चा है क्या ‘धुरंधर 3’ आएगी? इस बीच, फिल्म में ‘जमील जमाली’ का यादगार किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी ने फिल्म के तीसरे पार्ट को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

राकेश बेदी ने तीसरे पार्ट पर दिया जवाब
मार्च 2026 में रिलीज हुई ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने सफलता के नए झंडे गाड़े हैं। यह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1100 करोड़ का आंकड़ा छूने वाली पहली हिंदी फिल्म बन गई है। फिल्म की भारी डिमांड को देखते हुए जब राकेश बेदी से इसके अगले हिस्से के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “फिलहाल मुझे नहीं लगता कि इसका तीसरा पार्ट आएगा। धुरंधर एक फ्रेंचाइजी है, जिसे भविष्य में नए एक्टर्स के साथ आगे बढ़ाया जा सकता है, लेकिन मौजूदा कहानी मुख्य जासूस के अपने वतन वापसी के साथ ही समाप्त हो जाती है।”
जमील जमाली को लेकर चौंकाने वाले ट्विस्ट
राकेश बेदी ने अपने किरदार ‘जमील जमाली’ के बारे में बात करते हुए उस चौंकाने वाले ट्विस्ट का भी जिक्र किया, जिसने दर्शकों को हिला कर रख दिया था। फिल्म में खुलासा होता है कि वह पाकिस्तान में सक्रिय एक भारतीय जासूस हैं।

बेदी ने बताया, “दर्शकों के लिए वह सीन फिल्म का सबसे बड़ा हाईलाइट था। हमें अंदाजा था कि यह सीन सिनेमाघरों में तालियां बटोरने वाला है। पहले पार्ट की सफलता ने दर्शकों का नजरिया बदल दिया था, अब वे फिल्म देखने के बाद राय नहीं बनाते, बल्कि पहले से ही ब्लॉकबस्टर की उम्मीद लेकर थिएटर आते हैं।”
आदित्य धर के निर्देशन ने रचा इतिहास
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फ्रेंचाइजी ने इतिहास रच दिया है। जहां दिसंबर 2025 में आई पहली फिल्म ने 1300 करोड़ की वर्ल्डवाइड कमाई की थी, वहीं दूसरे पार्ट ने अब तक 1700 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।
पाकिस्तान की पृष्ठभूमि पर आधारित इस कहानी में रणवीर सिंह के जासूस वाले अवतार को दुनिया भर में पसंद किया गया। हालांकि राकेश बेदी ने फिलहाल तीसरे पार्ट की संभावना से इनकार किया है, लेकिन फिल्म की जबरदस्त कमाई को देखते हुए फैंस को अब भी मेकर्स की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।



