कोलकाता: फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की नई फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स‘ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कोलकाता में भारी हंगामा हुआ। इस घटना के बाद विवेक अग्निहोत्री ने इसे “तानाशाही” बताते हुए पश्चिम बंगाल सरकार पर उनकी आवाज दबाने का आरोप लगाया है।
जानिए क्या हुआ
विवेक अग्निहोत्री ने अपनी फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ का ट्रेलर कोलकाता में लॉन्च करने का फैसला किया था. उन्होंने इसके लिए एक सिनेमा हॉल तय किया था, लेकिन कोलकाता पहुंचने पर उन्हें पता चला कि वह इवेंट रद्द कर दिया गया है। इसके बाद उन्होंने एक निजी होटल में ट्रेलर की स्क्रीनिंग का आयोजन किया। यहां भी फिल्म को लेकर विरोध हुआ और ट्रेलर लॉन्च में दिक्कतें आईं, जिसके बाद सुरक्षा के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा।
विवेक अग्निहोत्री और पल्लवी जोशी का बयान
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विवेक अग्निहोत्री ने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी फिल्म में ऐसा कुछ भी नहीं था जिसके कारण उनके इवेंट में बाधा डाली जाए। उन्होंने इस पूरी घटना को “तानाशाही” करार दिया।
उनकी पत्नी और अभिनेत्री पल्लवी जोशी भी इस घटना से काफी नाराज़ दिखीं. उन्होंने कहा, “जिस तरह से फिल्म को रोका गया है, मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया। इस शहर में अभिव्यक्ति की आजादी है या नहीं? एक फिल्मकार और अभिनेता के तौर पर हमने जो बनाया है, हमें वो दिखाने नहीं दिया जा रहा। इन्हें किस बात का डर लग रहा है? ऐसा कुछ कश्मीर में नहीं हुआ था। क्या हम यह सोचें कि कश्मीर में बंगाल से बेहतर हालात हैं?” उन्होंने आगे कहा कि ‘द बंगाल फाइल्स’ जैसी फिल्में इसीलिए जरूरी हैं, ताकि लोग बंगाल का सच जान सकें।
इसको भी पढ़ें: दिल्ली से खाटू श्याम और सालासर बालाजी के लिए चलेगी हेली सेवा
फिल्म की कहानी
‘द बंगाल फाइल्स’ में हिंदू-मुस्लिम दंगों को दिखाया गया है। फिल्म की कहानी उस दौर पर आधारित है जब देश में गांधी और जिन्ना के बीच बंगाल को लेकर तनातनी चल रही थी। जिन्ना बंगाल का एक हिस्सा चाहते थे, जिसका गांधी विरोध कर रहे थे। फिल्म में इसी दौरान हुए हिंदू और मुस्लिम समुदायों के बीच के संघर्ष को दिखाया गया है। यह फिल्म 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



