मुंबई: दिग्गज गायिका आशा भोसले के आकस्मिक निधन ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। 11 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती होने के बाद, 12 अप्रैल को उन्होंने अंतिम सांस ली। संगीत जगत के इस अपूरणीय क्षति पर मनोरंजन और खेल जगत की दिग्गज हस्तियां अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रही हैं। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने भी सोशल मीडिया के जरिए ‘सुरों की मलिका’ को भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।
विराट और अनुष्का ने साझा किया भावुक संदेश
विराट कोहली ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “आशा भोसले जी, आपकी आत्मा को शांति मिले। आपकी आवाज ने करोड़ों लोगों के दिलों को छुआ है और यह हमारे दिलों में हमेशा जीवित रहेगी। ओम शांति।”

वही, अनुष्का शर्मा ने आशा भोसले की विरासत को याद करते हुए लिखा, “एक ऐसी आवाज जिसने कई पीढ़ियों को परिभाषित किया, आशा जी की विरासत हमेशा हमारे साथ रहेगी। ओम शांति।”

कमल हासन ने साझा की ‘चाची 420’ की यादें
दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर फिल्म ‘चाची 420’ के सेट का एक मोंटाज वीडियो साझा किया। उन्होंने फिल्म के गाने ‘जागो गोरी’ की रिकॉर्डिंग के उन पलों को याद किया जब आशा भोसले ने उनके निर्देशन में गाना गाया था। वीडियो में कमल हासन अपनी प्रसिद्ध ‘चाची’ की वेशभूषा में नजर आ रहे हैं। उन्होंने संगीत के प्रति आशा जी के समर्पण को नमन किया।
बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय सितारों ने दी श्रद्धांजलि
आशा भोंसले के निधन पर जूनियर एनटीआर, चिरंजीवी, जैकी श्रॉफ, सिद्धार्थ मल्होत्रा, टाइगर श्रॉफ, करीना कपूर खान और करण जौहर जैसे सितारों ने भी शोक व्यक्त किया है। संजय दत्त, अक्षय कुमार और अनुपम खेर ने उन्हें भारतीय संगीत का एक ऐसा स्तंभ बताया जिसकी जगह कभी कोई नहीं ले पाएगा। सितारों ने उनके बहुमुखी गायन शास्त्रीय और गजल से लेकर पॉप और कैबरे तक को याद करते हुए उन्हें भारतीय सिनेमा की सबसे अनमोल आवाज बताया।
एक युग का अंत
8 सितंबर 1933 को जन्मी आशा भोसले का करियर कई दशकों तक फैला रहा। उन्होंने हिंदी, मराठी, बंगाली और गुजराती सहित कई भाषाओं में हजारों गाने रिकॉर्ड किए। आर.डी. बर्मन के साथ उनकी जोड़ी ने भारतीय सिनेमा को कई सदाबहार गीत दिए। दादा साहब फाल्के पुरस्कार और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले की कमी संगीत प्रेमियों को हमेशा खलेगी।



