मुंबई: बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान एक बार फिर चर्चा में हैं। अपनी फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ (2025) की सफलता के बाद, खबरें आ रही हैं कि आमिर खान अब ‘शार्क टैंक इंडिया’ फेम और भारतपे के संस्थापक अश्नीर ग्रोवर की बायोपिक में नजर आएंगे।
आमिर ने आधिकारिक घोषणा नहीं की
हालांकि आमिर ने अभी तक आधिकारिक तौर पर अपनी अगली फिल्म की घोषणा नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने अश्नीर ग्रोवर की कहानी को हरी झंडी दे दी है।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आमिर खान ने इस फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ ली है और उन्हें यह काफी पसंद आई है। वर्तमान में यह प्रोजेक्ट प्री-प्रोडक्शन स्टेज पर है।
स्टार्टअप जगत के लिए दिलचस्प होगी फिल्म
अश्नीर ग्रोवर की लोकप्रियता को देखते हुए यह फिल्म आज की युवा पीढ़ी और स्टार्टअप जगत के लिए काफी दिलचस्प साबित हो सकती है। 2022 में अश्नीर की आत्मकथा ‘दोगलापन’ रिलीज हुई थी, जिसने काफी सुर्खियां बटोरी थी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या फिल्म इसी किताब पर आधारित होगी।
राहुल मोदी करेंगे निर्देशन
इस बायोपिक का निर्माण और निर्देशन राहुल मोदी करेंगे, जिन्होंने ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ और ‘तू झूठी मैं मक्कार’ जैसी फिल्मों की स्क्रिप्ट लिखी है। राहुल मोदी अपनी कथित गर्लफ्रेंड श्रद्धा कपूर के साथ अपने रिश्तों को लेकर भी हाल ही में चर्चा में रहे हैं। जहां प्रशंसकों को आमिर की अगली बड़ी फिल्म का इंतजार है, वही एक निर्माता के रूप में आमिर अपने बेटे जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म ‘एक दिन’ की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं, जो 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में आएगी।



