भागलपुर: भागलपुर के बीएलओ शिक्षक प्रमोद मंडल की मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। पीडि़त परिवार ने उनकी मौत को काम के दबाव को कारण बताया है। जिले के पीरपैंती प्रखंड के उच्च विद्यालय 170 के बीएलओ शिक्षक प्रमोद मंडल का शुक्रवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। मृतक प्रमोद मंडल भवानीपुर पंचायत के उच्च माध्यमिक विद्यालय में तैनात थे। गत शुक्रवार की सुबह वे विद्यालय पर पहुंचे और पुनरीक्षण कार्य में लगे रहे। तभी अचानक उन्हें सीने में दर्द महसूस हुआ। वह कुछ समझा पाते, इससे पहले की वह जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में उनको अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
उनके बड़े भाई दिनेश मंडल का आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह प्रमोद को डीसीएलआर कार्यालय से फोन आया था, जिसमें उनके कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जल्द कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया था। साथ ही निलंबन की चेतावनी भी दी गई थी। इसी तनाव में प्रमोद घर लौटे और तभी अचानक उन्हें हार्ट अटैक आ गया।परिजनों ने बताया कि उन्हें तुरंत पीरपैंती रेफरल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भाई दिनेश मंडल के मुताबिक, प्रमोद लगातार रात-दिन काम कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी सरिता कुमारी और तीन पुत्र लक्षित राज, हर्ष राज और ऋषि राज हैं। परिजनों ने मांग की है कि प्रमोद की पत्नी, जो डीएलएड प्रशिक्षित हैं, को सरकार नौकरी दी जाए ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, प्रमुख रश्मि कुमारी, बीईओ बलदेव ठाकुर, सीओ मनोहर कुमार समेत कई अधिकारी मृतक के घर पहुंचे और शोक जताया। परिजनों ने मौके पर अपनी मांग अधिकारियों के समक्ष रखी। बीडीओ अभिमन्यु कुमार ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे अंतिम संस्कार के बाद वरीय अधिकारियों से मामले की पूरी जानकारी साझा करेंगे और यथोचित कार्रवाई की जाएगी।



