नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2025: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2025 के लिए अधिसूचना जारी की है, जो पुलिस में नौकरी की चाह रखने वाले युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। इस भर्ती के तहत कुल 7,565 कॉन्स्टेबल (एग्जीक्यूटिव) पदों पर नियुक्तियां होंगी, जिसमें पुरुषों के लिए 5,069 और महिलाओं के लिए 2,496 पद शामिल हैं। इनमें सामान्य वर्ग के लिए 3,174, ओबीसी के लिए 1,608, एससी के लिए 1,386, ईडब्ल्यूएस के लिए 756 और एसटी के लिए 641 पद आरक्षित हैं। इसके अतिरिक्त, पूर्व सैनिकों के लिए 285 और कमांडो पूर्व सैनिकों के लिए 376 पद निर्धारित किए गए हैं।
योग्यता और आयु सीमा
आवेदन के लिए उम्मीदवारों का 12वीं पास होना अनिवार्य है। कुछ विशेष पदों जैसे बैंड्समैन, ड्राइवर, या पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए 11वीं पास भी स्वीकार्य है। पुरुष उम्मीदवारों के पास वैध LMV ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए। आयु सीमा एक जुलाई 2025 तक 18 से 25 वर्ष निर्धारित है, जिसमें आरक्षित वर्गों को छूट मिलेगी।
चयन की प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया में तीन चरण शामिल हैं:
- लिखित परीक्षा: कंप्यूटर आधारित टेस्ट में 100 अंकों के 100 प्रश्न होंगे, जिसमें सामान्य ज्ञान (50), रीजनिंग (25), गणित (15) और कंप्यूटर ज्ञान (10) शामिल हैं। गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नकारात्मक अंकन होगा।
- शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET): पुरुषों को 6 मिनट में 1,600 मीटर दौड़, 14 फीट लंबी कूद और 3.9 फीट ऊंची कूद पूरी करनी होगी। महिलाओं के लिए 8 मिनट में 1,600 मीटर दौड़, 10 फीट लंबी कूद, और 3 फीट ऊंची कूद अनिवार्य है।
- मेडिकल टेस्ट: अंतिम चरण में उम्मीदवारों की शारीरिक और मानसिक फिटनेस की जांच होगी।
NCC प्रमाणपत्र धारकों को अतिरिक्त अंक मिलेंगे: C के लिए 5%, B के लिए 3% और A के लिए 2%।
- इसको भी पढ़ें: EMRS: 10वीं से PG तक के लिए 7,297 सरकारी नौकरियां
वेतन और आवेदन शुल्क
चयनित उम्मीदवारों को लेवल-3 के तहत 21,700 से 69,100 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। आवेदन शुल्क सामान्य और ओबीसी पुरुषों के लिए 100 रुपये है, जबकि महिलाएं, SC/ST और पूर्व सैनिक निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन कैसे करें
आवेदन SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को शीघ्र पंजीकरण करने की सलाह दी जाती है, क्योंकि यह भर्ती सीमित समय के लिए उपलब्ध है।



