नई दिल्ली। राजधानी के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान शुक्रवार को इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने अपनी टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाए और “पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड” लिखी टी-शर्ट लहराईं।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में चार प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। प्रदर्शनकारियों की पहचान इंडियन यूथ कांग्रेस के सेक्रेटरी कृष्णा हरि, बिहार स्टेट सेक्रेटरी कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश स्टेट वाइस प्रसिडेंट अजय कुमार और नेशनल कोऑर्डिनेटर नरसिम्हा यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और भाजपा तथा कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं।
हॉल के अंदर उतारे स्वेटर
पुलिस के अनुसार घटना दोपहर लगभग 12:30 बजे हुई। प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था और क्यूआर कोड स्कैन कर समिट स्थल में प्रवेश किया।
एडिशनल कांस्टेबल देवेश कुमार महला ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने ऊपर स्वेटर और जैकेट पहन रखी थी, जबकि अंदर सफेद टी-शर्ट पहनी थी। हॉल नंबर 5 के पास पहुंचकर उन्होंने स्वेटर और जैकेट उतार दिए और टी-शर्ट लहराते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
वीडियो में 15-20 कार्यकर्ता हाथों में सफेद टी-शर्ट लिए दिखाई दे रहे हैं, जिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीरें छपी थीं और “पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड” लिखा था। पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर सुरक्षा कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने का भी आरोप लगाया है।
पहले काले छाते से प्रवेश की थी योजना
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने प्रारंभ में काले रंग के छाते पर स्टिकर चिपकाकर अंदर प्रवेश करने की योजना बनाई थी, लेकिन जांच में पकड़े जाने की आशंका के चलते उन्होंने रणनीति बदली और टी-शर्ट पर स्टिकर चिपकाकर अंदर प्रवेश किया।
स्टिकर कहां छपवाए गए, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है। गिरफ्तार चारों कार्यकर्ताओं को आज पटियाला हाउस अदालत में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार नेताओं की पहचान
गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं में इंडियन यूथ कांग्रेस के सचिव कृष्णा हरि, बिहार राज्य सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश राज्य उपाध्यक्ष अजय कुमार और राष्ट्रीय समन्वयक नरसिम्हा यादव शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मामला गंभीर धाराओं में दर्ज किया गया है।
बीजेपी ने की निंदा
भाजपा ने इस प्रदर्शन की कड़ी निंदा की है। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि यह “संयोग नहीं, बल्कि प्रयोग” था और इसकी योजना राहुल गांधी के आवास पर बनाई गई थी।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर लिखा कि यह कांग्रेस के अहंकार और हताशा का प्रदर्शन है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय समिट में इस तरह का प्रदर्शन भारत की छवि को धूमिल करने वाला है।
भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि यह साजिश के तहत किया गया कदम है और देश की जनता इसे माफ नहीं करेगी।
विपक्ष की प्रतिक्रिया
राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि देश में विभिन्न मुद्दों पर आक्रोश हो सकता है, लेकिन इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय आयोजन में विरोध प्रदर्शन करना उचित नहीं था।
वहीं इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि उनके कार्यकर्ता “डरने वाले नहीं” हैं और युवाओं की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा विरोध की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।
राहुल गांधी के घर के बाहर भाजपा का प्रदर्शन
एआई समिट में हुई घटना के बाद शुक्रवार शाम भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता राहुल गांधी के आवास के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी की और पोस्टर जलाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
16 फरवरी से चल रहा है एआई समिट
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन 16 फरवरी से भारत मंडपम में हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 फरवरी को इसका उद्घाटन किया था। यह आयोजन 20 फरवरी तक प्रस्तावित था, लेकिन कार्यक्रमों की अधिकता के कारण इसे 21 फरवरी तक बढ़ा दिया गया। समिट में देश-विदेश की प्रौद्योगिकी कंपनियां अपनी लेटेस्ट एआई सॉलूशन को दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रही हैं। कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्योग क्षेत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के संभावित उपयोग पर चर्चा की जा रही है।



