नई दिल्ली: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है, जो 204.88 मीटर तक पहुंच गया है जो कि खतरे के निशान से 0.38 मीटर अधिक है। हरियाणा और उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने से जलस्तर में वृद्धि हुई है। निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। अधिकारी स्थिति पर 24 घंटे नजर रख रहे हैं।
इससे पहले दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर पुराने रेलवे पुल के पास बुधवार शाम चार बजे 204.13 मीटर के निशान तक पहुंच गया था। अधिकारियों के मुताबिक यमुना के जलस्तर में वृद्धि संभवतः हरियाणा और उत्तराखंड के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में वर्षा और हथिनीकुंड बैराज से अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण हुई है। केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने कहा कि हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि का प्रमुख कारण हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया पानी है।
कहां से कितना पानी छोड़ा गया
हथनी कुंड बैराज से 31827 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं, वजीराबाद बैराज से 42440 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। जबकि, ओखला बैराज से 41527 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। अब थोड़ा भी अधिक जलस्तर बढ़ता है तो दिल्ली के निचले इलाके में बाढ़ का पानी घुस सकता है।
बाढ़ की आशंका
हथिनीकुंड बैराज से छोड़े गए पानी को दिल्ली पहुंचने में आमतौर पर 48 से 50 घंटे लगते हैं। ऊपरी धारा से कम पानी छोड़े जाने पर भी यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है, जो दिल्ली में खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।
दिल्ली के जल मंत्री ने यमुना नदी का किया निरीक्षण
दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने इंजीनियरों के साथ ITO बैराज पर यमुना नदी के जलस्तर का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की गलती के कारण 2023 में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। वर्मा ने दावा किया इस बार ऐसा कुछ भी नहीं होने वाला है। सरकार पल-पल यमुना के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। निचले इलाकों का भी दौरा किया और हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए।
- इसको भी पढ़ें: Uttarkashi: धराली में बादल फटने से भारी तबाही, 100 लापता
ITO के सभी गेट खोले गए
मंत्री ने कहा कि अगस्त के दौरान बारिश अधिक होती है और ऐसे में जलस्तर में बढ़ोतरी समान्य स्थिति है। इस बार दिल्ली सरकार ने ITO के सभी बंद गेट खोल दिए हैं। जिससे पानी का प्रवाह आगे की तरफ हो रहा है।



