नालंदा: बिहार के नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावां गांव में बीते 23 अगस्त को हुए दर्दनाक सड़क हादसे के पीड़ितों से मिलने पहुंचे बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और स्थानीय जदयू विधायक कृष्ण मुरारी उर्फ प्रेम मुखिया को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया, जिससे मंत्री और विधायक को लगभग डेढ़ किलोमीटर तक पैदल भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।
इस घटना में मंत्री के सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए हैं। ग्रामीणों का गुस्सा 23 अगस्त को हुए सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत और घटना के पांच दिन बाद नेताओं के मौके पर पहुंचने को लेकर था।
मंत्री के सुरक्षाकर्मी घायल
इस हंगामे में पथराव के कारण मंत्री की सुरक्षा में लगे एक स्कॉर्ट सिपाही के सिर में गंभीर चोट आई है। घायल सिपाही को तत्काल इलाज के लिए हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के वरीय अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और गुस्साए ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, लेकिन ग्रामीणों में अभी भी आक्रोश देखा जा रहा है।
घटना का कारण: 9 लोगों की मौत
यह पूरा मामला 23 अगस्त की सुबह हुई एक भयानक सड़क दुर्घटना से जुड़ा है, जिसमें हिलसा के मलावां गांव के 9 लोगों की मौत हो गई थी। हादसा तब हुआ जब एक हाइवा गाड़ी और एक ऑटो की टक्कर हो गई। इस घटना के 5 दिन बाद मंत्री और विधायक के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि इतने दिनों बाद भी सरकार या स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनकी सुध नहीं ली।
जदयू का दावा: विधायक से नाराजगी, मंत्री पर नहीं हुआ हमला
इस घटना को लेकर जदयू के जिला प्रवक्ता धनंजय देव ने एक अलग ही बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मंत्री पर कोई हमला नहीं हुआ, बल्कि गांव के लोग स्थानीय विधायक की कार्यशैली से नाराज थे, जिसके कारण उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने ईंट चला दी, जिससे मंत्री के स्कॉर्ट में लगे सिपाही के सिर पर चोट लगी।
हादसे में जान गंवाने वालों का विवरण
आपको बता दें कि 23 अगस्त को पटना जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के सिगरियामा में हुई इस सड़क दुर्घटना में 9 लोगों की जान चली गई थी। मृतकों में रविंद्र प्रसाद की 65 वर्षीया पत्नी संजू देवी, परशुराम पांडेय की 55 वर्षीया पत्नी उदेशा देवी, त्रिपुरारी शरण पांडेय की 35 वर्षीया पत्नी कंचन देवी, शंभु राम की 37 वर्षीया पत्नी बबीता देवी, विकास राम की 32 वर्षीया पत्नी रेणु कुमारी, धनंजय पासवान की 36 वर्षीया पत्नी दीपिका पासवान, वीरेन्द्र प्रसाद की 60 वर्षीया पत्नी गंगा देवी, चंद्रमौली पांडेय की 50 वर्षीया पत्नी कुसुम देवी, और चालक शंकर चौधरी का 22 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार शामिल थे।
इस घटना के बाद हिलसा के एसडीम अमित कुमार पटेल ने घटनास्थल पर पहुंचकर तत्काल पीड़ित परिवारों को 20-20 हजार रुपये के चेक दिए थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर ट्वीट कर घटना पर दुख व्यक्त किया था। घायलों में काजल कुमारी, पूनम देवी, सविता देवी और नीलम देवी शामिल हैं, जिनका इलाज पटना में चल रहा है।



