नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामनगर से उधमपुर की ओर आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर जालो के पास सड़क से करीब 100 फीट नीचे गहरी खाई में गिर गई। इस हृदयविदारक घटना में अब तक 16 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
तेज रफ्तार और टायर फटना बना हादसे का कारण
हादसे के वक्त मौजूद यात्रियों के अनुसार बस काफी तेज रफ्तार में थी और ओवरलोड भी थी। यात्रियों ने बताया कि अचानक बस का टायर फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री मलबे में दब गए।
घायलों को एयरलिफ्ट करने की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सेना और बचाव दल मौके पर पहुंचे। डीआईजी शिवा कुमार शर्मा (रियासी-उधमपुर रेंज) ने बताया कि अब तक 16 शव बरामद किए जा चुके हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि बचाव अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता दी जा रही है और गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर जम्मू शिफ्ट किया जाएगा। हादसे के बाद जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में प्रशासन का काफी सहयोग किया।



