दिल्ली मेट्रो फेज-IV का शेष कॉरिडोर समय पर होगा पूरा: सीएम रेखा गुप्ता

बोली, मेट्रो विस्तार से घटेगा जाम और प्रदूषण। सरकार ने जारी किया फंड। 14,630 करोड़ की लागत से बिछेगा 47 किमी का नया मेट्रो नेटवर्क। रिठाला से कुंडली, लाजपत नगर से साकेत, इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक नई मेट्रो लाइनों का रास्ता साफ।

Share This Article:

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने राजधानी में मेट्रो नेटवर्क को और आगे बढ़ाने के लिए अहम निर्णय लिया है। सरकार ने दिल्ली मेट्रो रेल ट्रांजिट सिस्टम (एमआरटीएस) के फेज-IV के बचे हुए तीन कॉरिडोरों के लिए अपने हिस्से का फंड जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि इन परियोजनाओं से दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। इस कॉरिडोर के चार वर्ष में पूरा होने की संभावना है। मेट्रो का बेहतर परिचालन प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कुल लंबाई 47.225 किलोमीटर

मेट्रो फेज-IV के इन तीनों कॉरिडोरों की कुल लंबाई 47.225 किलोमीटर होगी। इन परियोजनाओं पर लगभग 14,630.80 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसमें से 3,386.18 करोड़ रुपये की राशि दिल्ली सरकार वहन करेगी।

फेज-IV के तहत स्वीकृत 3 मेट्रो कॉरिडोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहला कॉरिडोर लाजपत नगर से साकेत जी-ब्लॉक तक प्रस्तावित है। इसकी लंबाई 8.385 किलोमीटर होगी, जिसमें 8 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन होंगे। दूसरा कॉरिडोर इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक प्रस्तावित है, जिसकी लंबाई 12.377 किलोमीटर है। इस लाइन पर एक एलिवेटेड और 9 अंडरग्राउंड समेत कुल 10 मेट्रो स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर को लाजपत नगर-साकेत जी-ब्लॉक कॉरिडोर के साथ संयुक्त वित्तीय ढांचे में शामिल किया गया है। इन दोनों कॉरिडोरों की संयुक्त परियोजना लागत 8,399.81 करोड़ रुपये है, जिसमें से दिल्ली सरकार का अंश 1,987.86 करोड़ रुपये होगा।

तीसरा और सबसे लंबा कॉरिडोर रिठाला से कुंडली तक प्रस्तावित है। यह मेट्रो कॉरिडोर पड़ोसी राज्य हरियाणा से जुड़ेगा। इसकी कुल लंबाई 26.463 किलोमीटर होगी और इसमें 21 स्टेशन होंगे। इस परियोजना की कुल लागत 6,230.99 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें से 1,398.32 करोड़ रुपये दिल्ली सरकार का अंश होगा। कुल लागत के 5,685.22 करोड़ रुपये दिल्ली के हिस्से पर और 545.77 करोड़ रुपये हरियाणा के हिस्से पर खर्च किए जाएंगे।

इन इलाकों के निवासियों को मिलेगी राहत

ये तीनों कॉरिडोर दिल्ली के कई इलाकों के निवासियों को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएंगे। जैसे लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर पर मेट्रो लाजपत नगर, एंड्रूज गंज, जीके-1, चिराग दिल्ली, पुष्प भवन, साकेत डिस्ट्रिक्ट सेंटर, पुष्प विहार इलाकों से होकर गुजरेगी। इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर की मेट्रो इंद्रलोक, दयाबस्ती, सराय रोहिल्ला, अजमल खां पार्क, झंडेवालान, नबी करीम, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दिल्ली गेट, दिल्ली सचिवालय-आईजी स्टेडियम जैसे इलाकों से होकर गुजरेगी। सबसे बडी रिठाला-कुंडली कॉरिडोर की मेट्रो रिठाला, रोहिणी सेक्टर-25, रोहिणी सेक्टर-26, रोहिणी सेक्टर-31, रोहिणी सेक्टर-32, रोहिणी सेक्टर-36, बरवाला, रोहिणी सेक्टर-35, रोहिणी सेक्टर-34, बवाना इंडस्ट्रियल एरिया-I (सेक्टर 3-4), बवाना इंडस्ट्रियल एरिया-I (सेक्टर 1-2), बवाना जे. जे. कॉलोनी, सनोठ, न्यू सनोठ, भोरगढ़ गांव, अनाज मंडी नरेला, नरेला डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नरेला, नरेला सेक्टर-5, कुंडली, नाथुपुर से होकर गुजरेगी।

परिवहन व्यवस्था को मिलेगा नया बल

इन कॉरिडोर के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है, कुछ पर बेसिक कार्य शुरू भी हो चुका है। इन सभी कॉरिडोर के चार वर्ष में बनकर तैयार होने की संभावना है। तीनों मेट्रो कॉरिडोरों के निर्माण से दिल्ली के उत्तर, मध्य और दक्षिणी हिस्सों के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर क्षेत्रों को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, यात्रियों के समय की बचत होगी और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता मिलेगी।

भविष्य की जरूरतों के अनुरूप व्यवस्था: सीएम रेखा गुप्ता

मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि मेट्रो फेज-IV के ये तीनों कॉरिडोर दिल्ली को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक और सशक्त सार्वजनिक परिवहन प्रणाली प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा सुविधा मिलेगी, निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को विश्वस्तरीय शहर बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.