बेतिया: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की रणभेरी बज चुकी है। आज, 17 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है, जिसके तहत 121 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवार अपने पर्चे जमा कर रहे हैं। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपनी पूरी रणनीति स्पष्ट कर दी है और सभी सहयोगी दलों – बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी (आरवी) और आरएलएम – के उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं। इसी कड़ी में बिहार सरकार की पूर्व मंत्री व बेतिया विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार रेणु देवी, लौरिया विधानसभा से बीजेपी उम्मीदवार विधायक विनय बिहारी और नौतन विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार नारायण साह के नामांकन दाखिल किया। इससे पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने एक जनसभा को संबोधित किया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि एनडीए पूरी मजबूरी के साथ चुनाव लड़ रही है और पूर्ण बहुमत से बिहार में सरकार बनेगी। एक तरफ एनडीए के पांडव हैं। दूसरे तरफ महागठबंधन के कौरव। बिहार की जनता लालू के राज को नहीं भूल सकती है। बिहार की जनता एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाएगी। इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार की पूर्व मंत्री व बेतिया विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार रेणु देवी, लौरिया विधानसभा से बीजेपी उम्मीदवार विधायक विनय बिहारी और नौतन विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार नारायण साह के नामांकन से पूर्व एक चुनावी जनसभा में कहा। वहीं राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि बिहार में इस बार फिर से एनडीए की सरकार बनने जा रही है। बिहार की जनता महागठबंधन के लोगों को जान चुकी है। उन्हें बिहार की जनता उखाड़ फेंकेगी. इस बार बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी और बिहार में एनडीए पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।
जो 9 साल में नहीं हुआ, वो 9 महीने में कर दिखाया: विशाल प्रशांत

भोजपुर जिले की तरारी विधानसभा सीट पर चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। शुक्रवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रत्याशी विशाल प्रशांत ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। इसके बाद एक जनसभा में भाजपा, जदयू और हम के स्थानीय नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग भी शामिल हुए। जनसभा को संबोधित करते हुए विशाल प्रशांत ने जोरदार दावा किया, जो 9 साल में नहीं हो सका, वो मैंने 9 महीने में कर दिखाया है। उन्हें जनता का अपार स्नेह और आशीर्वाद मिल रहा है। वही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और रोजगार जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
जनता से किए बड़े वादे
विशाल प्रशांत ने कहा कि तरारी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक रूप दिया जाएगा। गांवों तक पक्की सड़कें और सिंचाई सुविधा पहुंचाई जाएंगी।
एनडीए खेमे में जोश, विपक्ष में खलबली
विशाल प्रशांत की नामांकन रैली और सभा में उमड़े जनसमर्थन को देखकर एनडीए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस शक्ति प्रदर्शन ने विपक्षी खेमे की चिंता बढ़ा दी है।



