नई दिल्ली: आईपीएस अधिकारी संजय सिंघल को सशस्त्र सीमा बल (SSB) के महानिदेशक पद की ज़िम्मेदारी दी गई है। ये 1993 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले ये सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के विशेष महानिदेशक के तौर पर कार्यरत थे। इन्होने अमृत मोहन प्रसाद का स्थान लिया है, जो ओडिशा कैडर के 1989 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं।
गाजियाबाद के रहने वाले हैं संजय सिंघल
संजय सिंघल, मूल रूप से उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं। सिंघल का जन्म 27 दिसंबर 1968 को सुरेंद्र सिंघल के घर हुआ। इनके पास बी.ई. (मैकेनिकल), पुलिस प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा है। इन्हें बतौर पुलिस अधीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर, रायबरेली, औरैया, बहराइच, हाथरस, उन्नाव, मैनपुरी, शाहजहाँपुर, मुजफ्फरनगर के साथ और भी कई जिलों में उत्कृष्ट काम करने के लिए जाना जाता है। इसके अलावा इन्होने पुलिस मुख्यालय लखनऊ में भी IG, DGP, ADG – DGP , ADG (क्राइम) आदि के तौर पर उल्लेखनीय काम किया है।

अन्तराष्ट्रीय स्तर पर कर चुके हैं काम
संजय सिंघल ने अन्तराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का गौरव बढ़ाया है। संयुक्त राष्ट्र पीस कीपिंग मिशन के तहत कोसोवो में महत्वपूर्ण सेवा देने के लिए इन्हें जाना जाता है।
कई बार किया गया सम्मानित
संजय सिंघल को कई बड़े पुरस्कारों से नवाज़ा जा चुका है। 2009 में वीरता के लिए पुलिस पदक से, 2015 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से तथा कठिन सेवा मैडल एवं संयुक्त राष्ट्र का पीस कीपिंग मैडल – कोसोवो से सम्मानित किया जा चुका है।
इसको भी पढ़े : भारत में बनी हुई चीजों का उपयोग करना चाहिए: रेल मंत्री
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) क्या है?
सशस्त्र सीमा बल भारत के गृह मंत्रालय के अधीन एक केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) है। इसका मुख्य कार्य भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखना है। इसकी स्थापना: 1963 में भारत-चीन युद्ध के बाद की गई थी। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है।



