नई दिल्ली। भारत के चिकित्सा इतिहास में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार में पतंजलि योगपीठ द्वारा संचालित विश्व के प्रथम ‘इंटीग्रेटेड हाइब्रिड’ इमरजेंसी एवं क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। इसके शुरू होने से आपातकालीन और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को त्वरित और उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस 250 बेड का अस्पताल

यह 250 बेड वाला अत्याधुनिक अस्पताल विशेष रूप से आपातकालीन स्थितियों और गंभीर रोगों के इलाज को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा।
अस्पताल का निरीक्षण कर की व्यवस्थाओं की सराहना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के संस्थापक योग गुरु स्वामी रामदेव और पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड के एमडी एवं पतंजलि योगपीठ ट्रस्ट के सह-संस्थापक आचार्य बालकृष्ण ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस दौरान शाह ने कहा, हरिद्वार आस्था, अध्यात्म और संस्कृति का संगम स्थल है और आज ‘अखंड ज्योति सम्मेलन’ में आकर अखंड ऊर्जा और चेतना की अनुभूति कर रहा हूँ। उन्होंने कहा कि पं श्रीराम शर्मा ने आस्था, अध्यात्म और संस्कृति से व्यक्ति निर्माण, व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण से युग निर्माण की संकल्पना रखी। उन्होंने हर व्यक्ति के अंदर बसी परमात्मा रूपी आत्मा को जागृत और ऊर्जावान करने का कार्य किया है। शाह ने यह कहा कि जो लोग सनातन धर्म को जानते हैं, भारतीय संस्कृति को समझते हैं और भारत के इतिहास से परिचित हैं, उन्हें दृढ़ विश्वास है कि विश्व की समस्त समस्याओं का समाधान यदि किसी एक जगह है, तो वह भारतीय परंपरा में ही है।
दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे का हिस्सा रहा कार्यक्रम
यह कार्यक्रम अमित शाह के दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास का हिस्सा था। बुधवार शाम वे हरिद्वार पहुंचे थे, जहां उन्होंने जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। रात्रि विश्राम भी उन्होंने पतंजलि योगपीठ में ही किया।
गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में भी हुए शामिल

गुरुवार को अस्पताल उद्घाटन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में भी शामिल हुए। इस दौरान आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विषयों पर आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने सहभागिता की। स्वास्थ्य क्षेत्र में अहम उपलब्धि इस अस्पताल के शुरू होने से हरिद्वार और आसपास के इलाकों में गंभीर मरीजों के लिए समय पर और बेहतर इलाज सुनिश्चित हो सकेगा। इसे स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो आधुनिक चिकित्सा और पारंपरिक ज्ञान के प्रभावी संयोजन को दर्शाता है। अमित शाह के इस दौरे से स्वास्थ्य, आध्यात्मिकता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नई ऊर्जा देखने को मिली है।



