नई दिल्ली: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन पर हुए बम धमाके के मामले में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया है। मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस ने सलमान नामक एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जो गुरुग्राम के शांति नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। धमाके मेें इस्तेमाल कार सलमान के नाम से पंजीकृत है। पुलिस की पूछताछ में सलमान ने दिल्ली के ओखला में एक व्यक्ति को गाड़ी बेचने की बात स्वीकार की है।
दिल्ली पुलिस ने उस कार के मालिक को हिरासत में लिया है जिसमें सोमवार शाम लाल किले के पास एक विस्फोट हुआ था। इस विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई थी और कई वाहन जलकर खाक हो गए थे। पुलिस ने कार के मालिक, जिसकी पहचान मोहम्मद सलमान के रूप में हुई है, को हरियाणा के गुरुग्राम से हिरासत में लिया है। अधिकारी ने बताया कि सलमान ने अपनी कार ओखला में एक व्यक्ति को बेची थी। कार उसके नाम पर पंजीकृत थी और उस पर हरियाण का नंबर । छानबीन में यह भी खुलासा हुआ है कि धमाके में इस्तेमाल कार को फर्जी दस्तावेज से कई बार खरीदा और बेचा गया था। कार मालिक के तार पुलवामा से भी जुड़ रहे हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस के साथ मिलकर सोमवार को मोहम्मद सलमान को हिरासत में लिया और उससे कार के बारे में पूछताछ कर रही है। उसने इसे ओखला में देवेंद्र नाम के एक व्यक्ति को बेचा था। बाद में, वाहन को फिर से अंबाला में किसी को बेच दिया गया और पुलिस उन लोगों का पता लगा रही है।
विस्फोट एक चलती हुंडई i20 कार में हुआ जिसमें तीन लोग बैठे थे। हमें घायलों के शरीर में कोई छर्रा या पंचर नहीं मिला है, जो बम विस्फोट में असामान्य है। सभी पहलुओं की जाँच कर रहे हैं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने कहा कि जिस कार में विस्फोट हुआ, उसमें कुछ लोग सवार थे। दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और शहर की सीमा चौकियों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, साथ ही वाहनों की जाँच तेज कर दी गई है। विस्फोट के बाद जलती कारों से आग की लपटें उठने से विस्फोट स्थल पर दहशत फैल गई।



