नई दिल्ली। नोएडा के फेज-2 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में पिछले तीन दिनों से चल रहा फैक्ट्री कर्मचारियों का आंदोलन सोमवार सुबह हिंसक हो गया। वेतन वृद्धि और श्रम कानूनों में बदलाव की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे सैकड़ों कर्मचारियों ने करीब 10 गाड़ियों और बसों को आग के हवाले कर दिया और बीच सड़क पर पुलिस की एक गाड़ी को भी पलट दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।
मदरसन कंपनी के बाहर भड़की हिंसा
पुलिस प्रशासन के अनुसार फेज-2 इलाके में मदरसन, ऋचा ग्लोबल, रेनबो, पैरामाउंट जैसी बड़ी कंपनियों के लगभग 500 से अधिक कर्मचारी वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर मदरसन कंपनी के बाहर एकत्र हुए थे। सुनवाई न होने से आक्रोशित कर्मचारियों ने पथराव शुरू कर दिया। हिंसा की सूचना मिलते ही जिले के कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर भी पथराव किया और वाहनों में तोड़फोड़ की।
महंगाई और वेतन वृद्धि को लेकर नाराजगी
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का तर्क है कि प्रबंधन द्वारा उनके वेतन में मात्र 250 से 300 रुपये की वृद्धि की जा रही है, जो मौजूदा महंगाई के दौर में नाकाफी है। उन्होंने कहा कि एक दिहाड़ी मजदूर दिन के 700 रुपये कमाता है, जबकि हमें उससे भी कम मिल रहा है। हम न्यूनतम वेतन 26,000 रुपये करने और नए संशोधित श्रम कानून को खत्म करने की मांग पर अडिग हैं।
चक्का जाम से बेहाल हुआ शहर
फेज-2 के अलावा सेक्टर 1, 15 और 62 में भी कर्मचारियों ने सड़कों पर बैठकर नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन के कारण नोएडा के मुख्य मार्गों पर किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
डीएम ने दिया आश्वासन
बिगड़ते हालातों के बीच जिलाधिकारी मेघा रुपम ने हस्तक्षेप किया और कर्मचारियों की मांगों पर विचार करने का भरोसा दिया। डीएम ने आश्वासन दिया कि श्रमिकों को ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से किया जाएगा। रविवार को कार्य करने पर भी दोगुना भुगतान सुनिश्चित होगा।
साप्ताहिक अवकाश अनिवार्य रूप से दिया जाएगा। 30 नवंबर तक सभी पात्र श्रमिकों के बैंक खातों में नियमानुसार बोनस का भुगतान कर दिया जाएगा। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। प्रशासन ने कंपनियों के प्रबंधन और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच वार्ता कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



