गुरुग्राम: यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव के घर पर आज सुबह हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे बाइक सवार तीन नकाबपोश हमलावरों ने उनके सेक्टर 57 स्थित आवास पर दो दर्जन से ज़्यादा गोलियां चलाईं। इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, क्योंकि एल्विश उस समय घर पर मौजूद नहीं थे।
एल्विश के पिता ने क्या कहा
एल्विश के पिता राम अवतार यादव ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि फायरिंग के समय वे परिवार के साथ सो रहे थे। गोलियों की आवाज सुनकर ही उनकी नींद खुली। जब तक वे बाहर आते, बदमाश फरार हो चुके थे। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश लोग दिख रहे हैं, जिनमें से एक बाइक पर बैठा था और बाकी दो ने घर पर गोलियां चलाईं।
राम अवतार यादव ने साफ किया कि इस घटना से पहले उन्हें न तो कोई धमकी मिली थी और न ही उनकी किसी से कोई दुश्मनी है। उन्होंने गुरुग्राम पुलिस की जांच पर भरोसा जताते हुए कहा कि पुलिस अपना काम बखूबी कर रही है।
पुलिस और क्राइम ब्रांच की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने घर के ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर को निशाना बनाया। एल्विश के घर की बालकनी के बाहर गोलियों के निशान साफ देखे जा सकते हैं।
- इसको भी पढ़ें: Kishtwar Incident: चिशोती गांव की बाढ़ के पीछे छिपे राज
गुरुग्राम पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है और हमलावरों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि परिवार की ओर से औपचारिक शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



