आरा: भोजपुर जिले के जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए ने शक्ति प्रदर्शन किया। मौका था जदयू प्रत्याशी भगवान सिंह कुशवाहा के नामांकन का, जहाँ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनसभा को संबोधित कर एनडीए के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करने की कोशिश की। नीतीश के मंच पर आते ही माहौल चुनावी रंग में रंग गया था।
शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर, बाइक, ऑटो और पैदल जनसभा स्थल की ओर जाते हुए दिखाई देने लगे थे। कार्यक्रम स्थल पर “नीतीश कुमार ज़िंदाबाद”, “एनडीए फिर से सरकार बनाएगा” और “भगवान कुशवाहा जीतेंगे” जैसे नारों से गूंज रहा था। मंच के आसपास जनसैलाब ऐसा उमड़ा कि तिल रखने की भी जगह नहीं थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता से जात-पात से ऊपर उठकर विकास के नाम पर मतदान करने की अपील की। हमने बिहार को अंधेरे से निकालकर विकास की राह पर आगे बढ़ाया है। हर गांव तक सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंची हैं। यह एनडीए सरकार के सुशासन का ही परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने भगवान सिंह कुशवाहा को एक “कर्मठ, ईमानदार और जनता से जुड़ा नेता” बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि जगदीशपुर का विकास उनकी अगुवाई में और रफ्तार पकड़ेगा। जनसभा में जदयू और एनडीए के कई प्रमुख नेता शामिल हुए, जिनमें संजय झा, रोहित कुशवाहा, राधाचरण सेठ, मंजी चौधरी, संजय सिंह आदि प्रमुख थे। वक्ताओं ने मुख्यमंत्री के कार्यकाल में बिहार में हुए बदलावों को गिनाते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सड़क निर्माण और रोजगार सृजन में राज्य को नई दिशा दी है।
सुरक्षा के पुख़्ता इंतजाम
कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय सतर्क दिखे। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
जनता में उत्साह, विपक्ष पर तंज
नीतीश कुमार ने अपने संबोधन के दौरान विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “कुछ लोग सिर्फ बातें करते हैं, लेकिन एनडीए ने धरातल पर काम करके दिखाया है। जनता अब समझ चुकी है कि विकास कौन करता है और कौन सिर्फ वादे करता है। कुशवाहा के नामांकन के मौके पर हुआ यह शक्ति प्रदर्शन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह संकेत भी था कि जगदीशपुर में चुनावी लड़ाई में एनडीए पूरी ताकत से उतरी है। जनसभा में उमड़ी भीड़ और जनसैलाब ने यह जता दिया कि जनता आज भी नीतीश कुमार के विकास मॉडल में भरोसा रखती है।



