कटरा: जम्मू – कश्मीर के कटरा में मंगलवार को माता वैष्णो देवी धाम के पास भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से बड़ा हादसा हो गया है। इस दुर्घटना में 31 लोगों की मौत हो गई और 23 लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा अर्धकुमारी गुफा मंदिर के पास स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के नजदीक हुआ। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बचाव कार्य में देरी हो रही है, जिससे फंसे हुए श्रद्धालुओं की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इस घटना के बाद, वैष्णो देवी की यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
बीते दिन त्रिकूट पहाड़ी पर स्थित मंदिर के मार्ग का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया था. बचाव अभियान जारी है और आशंका है कि मलबे के नीचे और लोग फंसे हो सकते हैं. लगातार बारिश ने जम्मू-कश्मीर में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा कर दी है. जम्मू में पुल ढह गए, बिजली लाइनों और मोबाइल टावरों को भारी नुकसान पहुंचा. मंगलवार को सुबह 11.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच जम्मू में 6 घंटे में 22 सेंटीमीटर बारिश हुई. हालांकि आधी रात के बाद बारिश में कमी आई, जिससे जिले को थोड़ी राहत मिली।
ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं
भूस्खलन के कारण वैष्णो देवी यात्रा के साथ-साथ, रेलवे ने भी एहतियाती कदम उठाते हुए जम्मू और कटरा आने-जाने वाली 22 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा, 27 ट्रेनों के रूट को छोटा कर दिया गया है। जम्मू तवी के लिए रवाना हुईं बेगमपुरा एक्सप्रेस, अर्चना एक्सप्रेस और लोहित एक्सप्रेस जैसी कुछ ट्रेनों को तो बीच रास्ते से ही रद्द कर दिया गया, जिससे सैकड़ों यात्री फंस गए हैं।
यूपी, बिहार, राजस्थान और महाराष्ट्र जैसे कई राज्यों से आए श्रद्धालु अब अपने घरों को लौटने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बिहार के मोतिहारी से आईं एक महिला यात्री, राजकुमारी देवी ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि वे सोमवार को ही दर्शन कर चुकी थीं और अब घर जाना चाहती हैं, लेकिन ट्रेनें रद्द होने से वे डर गई हैं। इसी तरह, बिहार के चंपारण से आए एक अन्य भक्त ने कहा कि उनके पास टिकट होने के बावजूद ट्रेनें रद्द हो गई हैं, जिससे उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वे अपने घर कैसे लौटेंगे।
राहत और बचाव कार्य जारी, यात्री सुरक्षित स्थानों पर
रियासी के एसएसपी परमवीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 31 लोगों की मौत हुई है और राहत व बचाव कार्य जारी है। जिला प्रशासन फंसे हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनके लिए भोजन, पानी और रहने की व्यवस्था करने में जुटा है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश बचाव कार्यों में बाधा डाल रही है। रेलवे ने भी यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जम्मू मंडल पर ट्रेनों का संचालन फिलहाल रोक दिया है। प्रशासन यात्रियों से अपील कर रहा है कि वे धैर्य बनाए रखें और स्थानीय अधिकारियों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें। मौसम में सुधार होते ही यात्रा और ट्रेन सेवाओं को फिर से शुरू किया जाएगा।



