नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने बुधवार को सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है। यह स्टेशन फेज V(A) के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है, जो वर्तमान मैजेंटा लाइन का जनकपुरी वेस्ट से आर.के. आश्रम मार्ग का विस्तार है। मनोहर लाल केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री ने इस कार्य का उद्घाटन किया। इस मौके पर आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव एवं डीएमआरसी के अध्यक्ष कटिकिथला श्रीनिवास और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
केंद्रीय सचिवालय स्टेशन एक ट्रिपल -इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित होगा

केंद्रीय सचिवालय स्टेशन एक ट्रिपल -इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित होगा, जहाँ नई मैजेंटा लाइन का स्टेशन वर्तमान येलो लाइन एवं वायलेट लाइन से निर्बाध रूप से जुड़ जाएगा। यह विशिष्ट सुविधा लुटियंस ज़ोन एवं आसपास के प्रशासनिक क्षेत्रों तक पहुँचने वाले सरकारी कार्मिकों तथा यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
9.913 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में नौ भूमिगत स्टेशन होंगे

यह कॉरिडोर 9.913 किलोमीटर लंबा है तथा इसमें नौ भूमिगत स्टेशन शामिल हैं,जिनके नाम हैं: शिवाजी स्टेडियम, युगे युगीन भारत,केंद्रीय सचिवालय, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ। यह परियोजना नई दिल्ली के मुख्य हिस्से से कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने, मुख्य सरकारी कार्यालयों, न्यायिक संस्थानों, राष्ट्रीय स्मारकों और कन्वेंशन सेंटर्स तक सुगम पहुंच प्रदान करने के साथ-साथ समग्र नेटवर्क दक्षता और यात्री सुविधा को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



