दिल्ली में जन्म से स्नातक तक बेटियों को मिलेंगे 1 लाख रुपये

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ शुरू की। बोली यह हमारी बेटियों के भविष्य और देश के भविष्य में निवेश है। धन की कमी के कारण कोई भी लड़की शिक्षा नहीं छोड़ेगी।

Share This Article:

नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की लड़कियों के लिए वित्तीय सुरक्षा और शिक्षा की निरंतरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने मंगलवार को ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ शुरू करने की घोषणा की, जो वर्ष 2008 की लाडली योजना को एक दशक से अधिक समय बाद उन्नत और पुनर्गठित करती है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली की कोई भी बालिका आर्थिक बाधाओं के कारण अपनी शिक्षा बीच में छोड़ने के लिए मजबूर न हो, साथ ही उसके प्रमुख शैक्षणिक चरण पूरे होने तक एक दीर्घकालिक बचत कोष तैयार किया जा सके, जो परिपक्वता पर उपलब्ध हो।

नई योजना के तहत सरकार प्रत्येक लाभार्थी को अधिकतम 56,000 रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी, जो शिक्षा और आयु से जुड़े चरणों के अनुसार किश्तों में जमा की जाएगी। यह सहायता जन्म से शुरू होकर स्नातक या डिप्लोमा स्तर की पढ़ाई तक जारी रहेगी। संरचित वित्तीय साधन के माध्यम से निवेशित यह संचित राशि समय के साथ बढ़ेगी और परिपक्वता पर लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक खाते में सीधे जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारी सरकार की उन योजनाओं में से एक है जो मेरे दिल के बहुत करीब है। यह सुनिश्चित करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है कि दिल्ली की हर बेटी को अपनी पूर्ण क्षमता तक पहुंचने का अवसर मिले। यह हमारी बेटियों के भविष्य और इसलिए हमारे देश के भविष्य में निवेश है, जो उनके सक्षम हाथों में है। जैसे-जैसे लड़कियां शिक्षा के चरण पार करेंगी, हम उनके आधार से जुड़े बैंक खातों में सीधे 56,000 रुपये तक जमा करेंगे, जो परिपक्वता पर ब्याज सहित 1 लाख रुपये से अधिक हो जाएगा। उन्होंने बताया कि जब वर्तमान सरकार ने कार्यभार संभाला, तब यह पाया गया कि बड़ी संख्या में परिपक्वता खाते अनक्लेम्ड पड़े थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.86 लाख से अधिक परिपक्वता खाते अनक्लेम्ड पड़े थे, जिसका अर्थ है कि हमारी बेटियों के लिए निर्धारित धन समय पर उन तक नहीं पहुंचा। इस लंबे समय से लंबित समस्या को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्रवाई की है कि यह धनराशि अपने वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में पहले ही ऐसे 30,000 लाभार्थियों को 90 करोड़ रुपये की अनक्लेम राशि वितरित की जा चुकी है। अब हमने 41,000 और लड़कियों की पहचान की है और शीघ्र ही उन्हें 100 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की जाएगी। कुल मिलाकर 190 करोड़ रुपये जो इन लड़कियों का अधिकार है, उन्हें सुनिश्चित रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सुदृढ़ दृष्टि और दीर्घकालिक प्रभाव को दर्शाने के लिए इस योजना को अब “लखपति बिटिया योजना” के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार दिल्ली की प्रत्येक बालिका के अधिकार, सम्मान और भविष्य की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और किसी भी लाभार्थी को उसके वैध अधिकार से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

कवरेज का विस्तार

दिल्ली लखपति बिटिया योजना के तहत पात्रता शर्तों में पूर्व लाडली योजना की तुलना में कुछ संशोधन किए गए हैं। यह योजना दिल्ली में जन्मी उन लड़कियों पर लागू होगी, जिनके परिवार कम से कम तीन वर्षों से शहर में निवास कर रहे हों और जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 1.20 लाख रुपये से अधिक न हो। लाभ परिवार की अधिकतम दो जीवित बालिकाओं तक सीमित रहेगा। लड़कियों का पंजीकरण जन्म के एक वर्ष के भीतर या बाद में कक्षा 1, 6, 9, 11 में प्रवेश के समय अथवा मान्यता प्राप्त स्नातक या डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश पर कराया जा सकता है।

ध्यान देने वाली बात यह है कि लाडली योजना के प्रावधानों के अतिरिक्त, लखपति बिटिया योजना उन लड़कियों को भी शामिल करती है जो भारत में कहीं भी सरकारी मान्यता प्राप्त संस्थानों, विश्वविद्यालयों या यूजीसी अथवा अन्य वैधानिक निकायों से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक या व्यावसायिक डिप्लोमा कर रही हों। सरकारी संरक्षण में बाल देखभाल संस्थानों में रहने वाली बालिकाओं से संबंधित कई शर्तों को भी शिथिल किया गया है, जिससे कमजोर वर्गों का समावेश सुनिश्चित हो सके।

शिक्षा से जुड़ी चरणबद्ध वित्तीय सहायता

योजना के ढांचे के अनुसार सरकार महत्वपूर्ण चरणों पर निम्नानुसार सहायता राशि जमा करेगी, जैसे बालिका के जन्म पर 11,000 रुपये, कक्षा 1 में प्रवेश पर 5,000 रुपये, कक्षा 6 में प्रवेश पर 5,000 रुपये,
कक्षा 9 में प्रवेश पर 5,000 रुपये, कक्षा 10 उत्तीर्ण करने पर 5,000 रुपये, कक्षा 12 में प्रवेश पर 5,000 रुपये। डिप्लोमा या स्नातक पूर्ण करने पर लाभार्थियों के खातों में अतिरिक्त 20,000 रुपये चरणों में जमा किए जाएंगे।

परिपक्वता और सुरक्षा प्रावधान

परिपक्वता राशि तब प्राप्त की जा सकेगी जब लाभार्थी ने या तो कक्षा 12 उत्तीर्ण कर 18 वर्ष की आयु प्राप्त कर ली हो, अथवा स्नातक/डिप्लोमा पूर्ण कर 21 वर्ष की आयु प्राप्त कर ली हो। यदि लाभार्थी निर्धारित शैक्षणिक चरण पूरे नहीं करती है, जैसे 21 वर्ष की आयु तक कक्षा 12 उत्तीर्ण न करना, तो जमा राशि ब्याज सहित वापस लेकर सरकार के खाते में जमा कर दी जाएगी और आगे कोई दावा स्वीकार्य नहीं होगा।

पारदर्शी और डिजिटल प्रक्रिया

मुख्यमंत्री के निर्देशानुवार आवेदन से भुगतान तक पूरी प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन और पारदर्शी करने पर जोर दिया गया है, जिससे लाभार्थियों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना स्पष्ट संदेश देती है कि दिल्ली सरकार अपनी बेटियों को संजोकर रखने और बढ़ावा देने में विश्वास करती है। मुख्यमंत्री के अनुसार दिल्ली लखपति बिटिया योजना सामाजिक सुरक्षा को शिक्षा-आधारित प्रोत्साहनों के साथ जोड़ती है और लैंगिक समानता, वित्तीय समावेशन तथा मानव संसाधन विकास के प्रति राज्य की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.