सीएम रेखा गुप्ता ने अरुणा आसफ अली अस्पताल के स्टॉफ की लगाई क्लास

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इन दिनों एक्शन में हैं। शासन व्यवस्था को दुरुस्त करने और सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ गुरुवार को अरुणा आसफ अली अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर स्टॉफ की जमकर क्लास लगाई।

Share This Article:

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को अरुणा आसफ अली अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। बिना किसी पूर्व सूचना के अस्पताल पहुंची मुख्यमंत्री ने सभी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था, जल आपूर्ति, डिजिटल सेवाओं और अन्य संबंधित विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपचार के लिए मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर अस्पताल की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। मरीजों और उनके परिजनों की शिकायत पर तुरंत एक्शन लेते हुए मुख्यमंत्री ने अस्पताल के अधिकारियों को सभी सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

बीमार और बुजुर्ग मरीजों को घंटों खड़ा रहना अस्वीकार्य है

संवाद के दौरान कुछ बुजुर्ग मरीजों ने मुख्यमंत्री को बताया कि सुबह 8 बजे से लंबी कतार में खड़े हैं और अब तक उनकी बारी भी नहीं आई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए अस्पताल प्रशासन को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह पूरी तरह अस्वीकार्य है कि बीमार और बुजुर्ग मरीजों को घंटों खड़ा रहना पड़े। अस्पताल में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और सुचारू टोकन प्रणाली तुरंत लागू की जाए।

ओपीडी में मरीजों की भीड़, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट को लेकर प्रशासन को फटकार लगाई

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों की उपलब्धता, ओपीडी में मरीजों की भीड़, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट सिस्टम और टोकन व्यवस्था में खामियां पाए जाने को लेकर भी अस्पताल प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। मुख्यमंत्री ने पाया कि ऑनलाइन अपॉइंटमेंट सिस्टम होने के बावजूद मरीजों को लंबी कतारों से राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रणालियों को इस तरह एकीकृत किया जाए कि मरीजों का प्रतीक्षा समय न्यूनतम हो। ऑर्थोपेडिक विभाग में भारी भीड़ को देख मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उनकी कार्यप्रणाली पर चर्चा की और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने को कहा।

मरीजों ने दवाओं की कमी और बाहर से दवा खरीदने की मजबूरी की शिकायत की

संवाद के दौरान कई मरीजों ने अस्पताल में दवाओं की अनुपलब्धता और बाहर से दवा खरीदने की मजबूरी की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही स्टॉक रजिस्टर की जांच के निर्देश दिए और कहा कि दवाइयों और वैक्सीन की उपलब्धता में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाए। जिस दवा की जरूरत आज है, वह आज ही मिलनी चाहिए। जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान करना गंभीर लापरवाही है। निरीक्षण के दौरान वैक्सीनेशन यूनिट में रोजाना बड़ी संख्या में मरीजों को रेबीज और अन्य इंजेक्शन दिए जाने की जानकारी मिली। मुख्यमंत्री ने दवाइयों और वैक्सीन की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मरीजों और उनके परिजनों ने स्वच्छता, जल आपूर्ति और अन्य सुविधाओं के संबंध में भी फीडबैक दिया

इसके अतिरिक्त मौजूद मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल में स्वच्छता, जल आपूर्ति और अन्य सुविधाओं के संबंध में भी फीडबैक दिया। कई मरीजों द्वारा स्वच्छता में कमी और शौचालय व पानी की समस्याओं की जानकारी दिए जाने पर मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि जब मरीज और स्टाफ खुद समस्याएं बता रहे हैं तो इन्हें अनदेखा करना गंभीर लापरवाही है। अस्पताल में स्वच्छता, दवाइयों और मूलभूत सुविधाओं की कमी किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए कड़े प्रशासनिक सुधारों के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में अनुशासन और जवाबदेही सर्वोपरि है। इसके लिए डॉक्टरों और स्टाफ की नियमितता सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य की गई है और पारदर्शिता के लिए हर कर्मचारी को ड्यूटी के दौरान नेम प्लेट पहनना अनिवार्य होगा। साथ ही उन्होंने अस्पताल में बढ़ते हेपेटाइटिस के मामलों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की और इसके कारणों की जांच एवं रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने के लिए डॉक्टरों से राय ली और उचित दिशा निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं में कोई भी कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि राजधानी का हर नागरिक ऐसे स्वास्थ्य तंत्र का अनुभव करे, जहां समय पर उपचार, आधुनिक सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और सम्मानजनक सेवा सुनिश्चित हो। उन्होंने दोहराया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह नागरिक-केंद्रित, तेज और जवाबदेह बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य सेवाओं में कोई भी कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल केवल इलाज का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और विश्वास का स्थान होना चाहिए। हमारी सरकार 24×7 जमीन पर काम कर रही है ताकि हर नागरिक को बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.