हाजीपुर। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार शिवानी शुक्ला को जान से मारने की धमकी दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपराधी ने वैशाली पुलिस कंट्रोल रूम और करताहां थाना प्रभारी के सरकारी मोबाइल नंबर पर फोन कर धमकी दी है। धमकी मिलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है, और पुलिस ने तत्काल प्रभाव से RJD उम्मीदवार की सुरक्षा बढ़ा दी है।
करताहां थाना प्रभारी कुणाल कुमार के पास आया फोन
करताहां थाना प्रभारी कुणाल कुमार आजाद ने अपने बयान के आधार पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर एक फोन आया था, जिसमें फोन करने वाले ने खुद को रंगदारी मांगने वाला अपराधी बताया और धमकी दी कि अगर शिवानी शुक्ला पैसे नहीं देती हैं और लालगंज विधानसभा क्षेत्र के घटारो गांव आती हैं, तो उनकी गोली मारकर हत्या कर दी जाएगी। धमकी देने वाले ने यह भी कहा कि अगर बचाना है तो बचा लीजिए। इतना कहकर उसने कॉल काट दिया।
पुलिस ने शिवानी शुक्ली की सुरक्षा बढ़ाई
धमकी की सूचना तुरंत वरीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद जिला तकनीकी शाखा की मदद से मोबाइल नंबर की डिटेल खंगाली। जांच में नंबर धारक की पहचान रणधीर कुमार पुत्र राजेंद्र कुंवर, निवासी घटारो धनुषी, घटारो चतुर्भुज, लालगंज, वैशाली के रूप में हुई। इसकी सूचना RJD प्रत्याशी शिवानी शुक्ला और उनकी मां, पूर्व विधायक अनु शुक्ला को दी गई और उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
हैदराबाद से आया था फोन
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नंबर धारक रणधीर कुमार को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। रणधीर कुमार ने बताया कि सिम कार्ड उनके नाम से है, लेकिन इसका उपयोग वर्तमान में उनका भाई रणजीत कुंवर पुत्र राजेंद्र कुंवर कर रहा है, जो अभी हैदराबाद में रहता है। तकनीकी शाखा से प्राप्त टावर लोकेशन की जांच में भी नंबर का लोकेशन हैदराबाद का ही प्राप्त हुआ है।
यह भी पढ़ेंः गहलोत ने 24 घंटे में लागू कर दिया महागठबंधन में ‘RJD फॉर्मूला’
रणधीर कुमार ने पूछताछ में अपने भाई रणजीत कुंवर के बारे में चौंकाने वाली जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रणजीत पहले भी एक हत्या के मामले में हाजीपुर जेल जा चुका है, और वर्तमान में वह हैदराबाद में एक बलात्कार के मामले में जेल में बंद है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है, जिसके लिए टेक्निकल सेल की भी मदद ली जा रही है। पुलिस अधीक्षक (सदर 2 DSP) गोपाल मंडल और RJD प्रत्याशी शिवानी शुक्ला ने भी इस संबंध में बयान दर्ज कराए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। RJD प्रत्याशी शिवानी शुक्ला को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है।



