बेंगलुरु : राजस्व असूचना निदेशालय (डीआरआई) बेंगलुरु की क्षेत्रीय इकाई के अधिकारियों ने शुक्रवार को बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दोहा से पहुंचे एक भारतीय यात्री को रोका। उसके सामान की सावधानीपूर्वक जाँच करने पर पता चला कि उसके पास दो सुपरहीरो कॉमिक्स/पत्रिकाएँ थी जो असामान्य रूप से भारी थी। अधिकारियों ने पत्रिकाओं के कवर में छिपाए गए सफेद पाउडर को बरामद किया। जांच में कोकीन होने की पुष्टि हुई।
राजस्व असूचना निदेशालय के अनुसार, बरामद कोकीन का वजन 4,006 ग्राम (4 किलोग्राम से अधिक) है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसका मूल्य लगभग 40 करोड़ रुपये है। इसे एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। इसके बाद यात्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इससे पहले जून में मुंबई में डीआरआई ने एक नाइजीरियाई महिला को प्रतिबंधित पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया था। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब पांच करोड़ रुपये आंकी गई थी। इसे कालाबाजारी के जरिए ही बेचा या खरीदा जा सकता था। महिला को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 से जुड़े प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया था।



