नई दिल्ली: टीम इंडिया (Team India) के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद फैंस में मायूसी का माहौल था। लेकिन अब इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज (IND vs ENG) के दौरान एक नई खबर ने क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह जगा दिया है। दरअसल, अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) ने भारत और इंग्लैंड के बीच 21वीं सदी की संयुक्त टेस्ट प्लेइंग-11 का ऐलान किया है, जिसमें विराट कोहली (Virat Kohli) को खास स्थान दिया गया है।
कोहली को मिली मिडिल ऑर्डर की कमान
पुजारा ने अपनी इस संयुक्त टीम में विराट कोहली को नंबर चार पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी दी है। कोहली ने टेस्ट करियर में 123 मैचों में 9230 रन बनाए हैं, जिसमें 30 शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 46 का रहा है। हाल ही में 36 साल की उम्र में कोहली ने इस फॉर्मेट से विदाई ली थी।
ओपनिंग जोड़ी में स्टीवर्ट और द्रविड़
पुजारा ने ओपनर के तौर पर इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक स्टीवर्ट (Alec Stewart) और भारत के द वॉल कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) को जगह दी है। स्टीवर्ट ने 133 टेस्ट में 8463 रन बनाए, जबकि द्रविड़ ने 164 टेस्ट में 13288 रनों की विशाल पारी खेली है।
मजबूत मिडिल ऑर्डर में जो रूट और लक्ष्मण भी शामिल
विराट कोहली (Virat Kohli) के साथ मिडिल ऑर्डर को मजबूती देने के लिए पुजारा ने इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट और भारत के तकनीकी बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण को चुना है। जो रूट ने 156 टेस्ट में 13259 रन बनाए हैं, वहीं लक्ष्मण के नाम 8781 रन और 17 शतक दर्ज हैं।
ऑलराउंडरों में स्टोक्स, फ्लिंटॉफ और जडेजा को तरजीह
टीम में ऑलराउंडर की भूमिका के लिए इंग्लैंड के बेन स्टोक्स (Ben Stokes) और एंड्रयू फ्लिंटॉफ तथा भारत के रवींद्र जडेजा को जगह दी गई है। स्टोक्स ने टेस्ट में 6891 रन बनाए हैं और 224 विकेट लिए हैं। जडेजा ने 3697 रन बनाने के साथ 336 विकेट भी चटकाए हैं।
बॉलिंग अटैक में अश्विन, बुमराह और शमी
स्पिन विभाग में रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) को चुना गया है जिन्होंने 106 टेस्ट में 537 विकेट लिए हैं। तेज गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) और मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) को सौंपी गई है, जो अपनी सटीक लाइन-लेंथ और विकेट लेने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं।
पुजारा की संयुक्त टेस्ट XI (IND vs ENG – 21वीं सदी)
- 1. एलेक स्टीवर्ट
- 2. राहुल द्रविड़
- 3. जो रूट
- 4. विराट कोहली
- 5. वीवीएस लक्ष्मण
- 6. बेन स्टोक्स
- 7. एंड्रयू फ्लिंटॉफ
- 8. रवींद्र जडेजा
- 9. रविचंद्रन अश्विन
- 10. जसप्रीत बुमराह
- 11. मोहम्मद शमी
इस संयुक्त टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ मौजूदा सितारों का बेहतरीन मिश्रण दिखता है, जो इस बात को दर्शाता है कि भारत और इंग्लैंड ने पिछले दो दशकों में टेस्ट क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।



