दिल्ली के 1400 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन सोमनाथ धाम रवाना

केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और सीएम रेखा गुप्ता ने ट्रेन को झंडी दिखाकर किया रवाना। इस मौके पर शेखावत ने कहा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह यात्रा हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक चेतना और आस्था का उत्सव है। यह प्रयास नागरिकों की आस्था, सम्मान और सांस्कृतिक जुड़ाव को सशक्त करने का संकल्प है।

Share This Article:

नई दिल्ली। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – सोमनाथ यात्रा’ की शुरुआत की। उन्होंने सफदरजंग रेलवे स्टेशन से करीब 1400 श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मना रहा है। यह यात्रा ‘1000 वर्षों की अखंड आस्था’ को समर्पित एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहल है, जिसका उद्देश्य दिल्लीवासियों को अपनी आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।

1400 श्रद्धालुओं को सोमनाथ यात्रा पर भेजने वाला दिल्ली बना देश का पहना राज्य

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में यह यात्रा शुरू की गई है। इसी के साथ दिल्ली देश का पहला ऐसा राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बन गया है, जिसने एक साथ करीब 1400 श्रद्धालुओं को इतनी बड़ी और व्यवस्थित सोमनाथ यात्रा पर भेजा है। इस यात्रा के दौरान दिल्ली सरकार द्वारा श्रद्धालुओं को सोमनाथ मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा का पूरा रेल किराया और भोजन दिल्ली सरकार दे रही है। वहीं, गुजरात सरकार यात्रियों के ठहरने, स्थानीय परिवहन और मंदिर दर्शन की पूरी व्यवस्था करेगी। दोनों राज्यों के समन्वय से यह यात्रा सुरक्षित और सुव्यवस्थित अनुभव बनेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से आज सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का शिवमय शुभारंभ हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा के साथ यात्रियों से भेंट कर उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान को कालजयी सोमनाथ मंदिर की गौरवगाथा के माध्यम से प्रस्तुत करना है। भारतीय आस्था में सद्भावपूर्ण एकता का प्रवाह निहित है।

यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक चेतना और आस्था का उत्सव है

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सभ्यता के गौरव का प्रतीक है। यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक चेतना और आस्था का उत्सव है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और अयोध्या में राम मंदिर जैसे ऐतिहासिक कार्यों ने भारतीय संस्कृति को नई पहचान और नई ऊर्जा दी है। यह यात्रा उसी भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार नागरिकों की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी इस प्रकार की पहल जारी रहेगी।

इस अवसर पर दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार वरिष्ठजनों, माताओं, बहनों, बेटियों और सभी श्रद्धालुओं के लिए सदैव समर्पित है। सरकार का यह प्रयास केवल एक यात्रा की व्यवस्था भर नहीं, बल्कि नागरिकों की आस्था, सम्मान और सांस्कृतिक जुड़ाव को सशक्त करने का एक महत्वपूर्ण संकल्प है। भगवान सोमनाथ से प्रार्थना है कि सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, मंगलमय और सफल हो। वे अपने परिवारों और राष्ट्र की समृद्धि के लिए जो भी मनोकामनाएं लेकर जा रहे हैं, भगवान उन्हें अवश्य पूर्ण करें।

यह विशेष ट्रेन सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गुजरात के वेरावल तक जाएगी

यह विशेष ट्रेन सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गुजरात के वेरावल तक जाएगी। वहां से श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। सभी यात्री 5 मई 2026 को दिल्ली लौटेंगे। यात्रा के लिए 19 एसी 3-टियर कोच लगाए गए हैं। यात्रियों के आराम का खास ध्यान रखा गया है। हर कोच में दो टीम लीडर तैनात किए गए हैं, जो पूरी यात्रा में मदद करेंगे। ट्रेन में डॉक्टरों की टीम भी मौजूद है। साथ ही, हाउसकीपिंग स्टाफ और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स तैनात है। इससे यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सफाई सुनिश्चित होगी। फ्लैग-ऑफ समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और पंजाब की लोक कलाएं प्रस्तुत की गईं। पारंपरिक नृत्यों ने माहौल को भक्ति और सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.