मुंबई: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शानदार जीत के बावजूद स्टार बल्लेबाज विराट कोहली मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में जहां कोहली ने बल्ले से इतिहास रचा, वहीं आउट होने के बाद उनके व्यवहार ने एक नई बहस छेड़ दी है।
क्या है पूरा मामला?
मुंबई के खिलाफ 38 गेंदों में 50 रनों की पारी खेलने के बाद जब विराट कोहली को हार्दिक पांड्या ने आउट किया, तो वह अपने आउट होने के तरीके से काफी निराश दिखे। पवेलियन लौटते समय बाउंड्री लाइन के पास कोहली ने अपना आपा खो दिया और गुस्से में अपना हेलमेट और ग्लव्स जोर से जमीन पर फेंक दिए। उनकी यह हरकत कैमरे में कैद हो गई, जिसे आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन माना जा रहा है।
Virat Kohli was seen very angry after getting out for 50 runs off 38 balls; he threw his gloves and helmet in the dugout 💔 pic.twitter.com/x6EsVCq9Tv
— Tejash (@Tejashyyyyy) April 13, 2026
क्या कोहली पर लगेगा बैन?
क्रिकेट प्रेमियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कोहली अगले मैच से बाहर हो सकते हैं? BCCI के नियमों के अनुसार:
- अनुच्छेद 2.2 (लेवल-1 अपराध): मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़े या ग्राउंड इक्विपमेंट का दुरुपयोग करना लेवल-1 का अपराध माना जाता है।
- सजा का प्रावधान: चूंकि यह लेवल-1 का उल्लंघन है, इसलिए कोहली पर बैन लगने की संभावना कम है। हालांकि, उन पर मैच फीस का 10% से 25% तक जुर्माना लगाया जा सकता है और एक डिमेरिट अंक भी दिया जा सकता है।
- अंतिम निर्णय: इस मामले में मैच रेफरी का फैसला अंतिम और सर्वोपरि होगा।
गुस्से के बीच बना ‘महा-रिकॉर्ड’
भले ही अनुशासन को लेकर कोहली चर्चा में हों, लेकिन इसी मैच में उन्होंने एक अभूतपूर्व उपलब्धि भी अपने नाम की। विराट कोहली अब मुंबई इंडियंस के खिलाफ 1000 टी20 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में केएल राहुल (977 रन) और शिखर धवन (901 रन) को पीछे छोड़ दिया है। कोहली के नाम अब मुंबई के खिलाफ 37 मैचों में 1030 रन दर्ज हो गए हैं।
मैच रेफरी की रिपोर्ट के बाद ही आधिकारिक जुर्माने की घोषणा की जाएगी। आरसीबी के फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि कोहली को केवल चेतावनी या मामूली जुर्माने के साथ छोड़ दिया जाए।



