नई दिल्ली। समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती के अवसर पर रोहिणी सेक्टर-20 में 32 वर्षों से लंबित कम्युनिटी सेंटर निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। लगभग ₹3 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह भव्य कम्युनिटी सेंटर आगामी 2 वर्षों में तैयार कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा।
3 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से वाल्मीकि पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा
इसके साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए ₹3 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से वाल्मीकि पार्क के सौंदर्यीकरण एवं सीवर लाइन के नवीनीकरण का कार्य भी किया जाएगा जिससे स्थानीय निवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
परियोजना केवल एक भवन का निर्माण नहीं है
रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने उ कहा कि यह परियोजना केवल एक भवन का निर्माण नहीं है, बल्कि क्षेत्र के शोषित, वंचित एवं गरीब वर्ग के उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। समय जीवन की सबसे महत्वपूर्ण संपत्ति है और यदि व्यक्ति समाज के लिए थोड़ा समय निकालता है तो सरकार हर वह सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है जिसकी आमजन कल्पना भी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि जनता को केवल आगे बढ़कर सहभागिता करनी है सरकार उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी।
उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनसमर्थन और आशीर्वाद ही है जिसने विकास कार्यों को गति देने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सीवर और पानी जैसी मूलभूत समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं और अब इनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा।
समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार प्राप्त हैं
मंत्री ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार प्राप्त हैं और जो नागरिक देश को कर प्रदान करते हैं उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने क्षेत्र में स्थित छोटे मंदिरों एवं सामाजिक स्थलों के विकास हेतु एनजीओ एवं सामाजिक संस्थाओं से सहयोग करने का आह्वान किया तथा कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से इन स्थानों को और बेहतर बनाया जा सकता है।
प्रस्तावित कम्युनिटी सेंटर में पूर्णतः वातानुकूलित डबल स्टोरी भवन, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आधुनिक हॉल तथा भविष्य में अटल कैंटीन एवं आरोग्य सेवाओं जैसी सुविधाओं का भी प्रावधान किया जाएगा। यह केंद्र आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए निजी बैंक्वेट हॉल का एक सशक्त विकल्प बनेगा।
मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि निर्माण कार्य की सुचारु निगरानी एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने के लिए एक सुदृढ़ समिति का गठन किया जाएगा जिसका मुख्य उद्देश्य कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर पूर्ण ध्यान देना होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन सामाजिक समरसता, समानता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उनके विचारों को धरातल पर उतारने की दिशा में एक सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है और ‘पंचतीर्थ’ जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।



